श्रीनगर , 19 Mar: कश्मीर में शुष्क मौसम के बीच श्रीनगर समेत अधिकांश इलाकों में दिन में छाई रही धूप से लोगों को ठंड से राहत मिली है। न्यूनतम तापमान के सामान्य से लगातार नीचे बने रहने तथा कई स्थानों पर जमाव बिंदू से नीचे रहने के चलते रात अभी बरकरार है।
वहीं जम्मू में अधिकांश तापमान तेजी से बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने 21 मार्च से घाटी में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते अधिकांश इलाकों में बर्फबारी व बारिश होने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मुख्तार अहमद ने कहा कि मौसम में यह परिवर्तन पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के चलते हो रहा है।
इसका प्रभाव 24 मार्च तक रहेगा। गत दिनों बर्फबारी के बाद से घाटी में मौसम के मिजाज शुष्क बने हुए हैं। सोमवार को भी घाटी में मौसम के मिजाज इसी तरह बने रहे। श्रीनगर समेत अधिकांश इलाकों में दिनभर हल्की धूप छाई रही। अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे, गुलमर्ग व पहलगाम में यह जमाव बिंदु से नीचे बना रहा।
मौसम विभाग के अनुसार पहलगाम में रात का न्यूनतम तापमान -1.3 डिग्री, गुलमर्ग में -0.5 , श्रीनगर में 3.5, काजीगुंड में 2.8, कुपवाड़ा में 1.3 डिग्री रिकार्ड किया गया। सोमवार को जम्मू का अधिकतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
जो सामान्य से 1.1 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। वहीं न्यूनतम पर पारा 13.2 डिग्री सेल्सियस पर रहा जो सामान्य से 1.7 डिग्री सेल्सियस कम है। तापमान में बढ़ोतरी के चलते गर्मी का एहसास होना शुरू हो गया है।