
जम्मू , 24 Aug : अतिसंवेदनशील श्रीनगर सेंट्रल जेल की सुरक्षा में बड़ी सेंध लगी है। पाक्सो एक्ट के मामलों में बंद दो विचाराधीन कैदी (अंडरट्रायल) जेल की दीवार फांदकर फरार हो गए। इस घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने दोनों की तलाश में विशेष टीमें गठित कर दी हैं। पूरे कश्मीर में अलर्ट जारी कर दिया है।
एक राजस्थान तो दूसरा अनंतनाग का निवासी
फरार कैदियों की पहचान राजस्थान निवासी फरमान खान और अनंतनाग जिले का मुख्तार अहमद गुज्जर है। कश्मीर जोन पुलिस की ओर से जारी किए नोटिस के अनुसार, फरमान के खिलाफ गांदरबल जिले के लार पुलिस थाने में ‘यौन अपराध से बच्चों का संरक्षण’ (पाक्सो) अधिनियम की धारा तीन और चार के तहत मामला दर्ज था।
वहीं, गुज्जर के खिलाफ श्रीनगर के सौरा थाने में इन्हीं आरोपों में मामला दर्ज था। यह मामला पुलिस स्टेशन सौरा में दर्ज है। पुलिस और सुरक्षा बलों ने कश्मीर में सभी निकास मार्गों और चौकियों पर निगरानी बढ़ा दी है। कश्मीर से बाहर निकलने वाले सभी रास्तों पर सतर्कता सूचनाएं जारी की हैं।
कश्मीर के कई इलाकों में छापेमारी
दोनों की तलाश के लिए बड़े पैमाने पर व्यापक तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने आम लोगों से दोनों आरोपितों के बारे में किसी भी तरह की जानकारी मिलने पर तुरंत सूचना देने की अपील की है। पुलिस ने लोगों से कहा है कि यदि किसी को दोनों आरोपितों के ठिकाने या गतिविधियों के बारे में जानकारी मिले तो वे नजदीकी पुलिस स्टेशन से संपर्क करें या 112 पर डायल करें।






