
पटना , 24 Aug : दिल्ली से पटना आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट संख्या एआइ 1741 सोमवार सुबह लैंडिंग से पहले हवा में पक्षी से टकरा गई।
इसके बावजूद पायलट की सूझबूझ से विमान को सुबह 7:43 बजे जय प्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, पटना पर सुरक्षित उतार लिया गया। विमान में 164 यात्री सवार थे।
लैंडिंग से पहले पायलट ने विमान के दाहिने इंजन के पास पक्षी टकराने की सूचना एयरपोर्ट प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही एहतियात के तौर पर एयरपोर्ट पर आपातकालीन प्रोटोकाल सक्रिय कर दिया गया।
रनवे पर दमकल और अन्य राहत सेवाओं को तैनात कर दिया गया था। इमरजेंसी की आशंका में सभी अलर्ट मोड में आ गए। पटना एयरपोर्ट निदेशक सीपी द्विवेदी ने विमान से पक्षी टकराने की घटना की पुष्टि की है।
इंजन को नहीं पहुंचा नुकसान
विमान के सुरक्षित उतरने के बाद तकनीकी टीम ने उसकी जांच की। जांच में बर्ड स्ट्राइक की पुष्टि हुई, हालांकि विमान के इंजन को किसी तरह का नुकसान नहीं पाया गया।
सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद विमान को दोबारा दिल्ली रवाना करने की तैयारी की गई। इस दौरान यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विमान की जरूरी तकनीकी जांच की गई।
तय समय से करीब डेढ़ घंटे बाद दिल्ली रवाना हुआ विमान
AI 1741 को पटना से सुबह 8:45 बजे दिल्ली के लिए रवाना होना था, लेकिन बर्ड हिट की घटना के बाद आवश्यक जांच और सुरक्षा प्रक्रिया के चलते उड़ान में देरी हुई।
बर्ड हिट की घटना के बाद एयरपोर्ट पर लागू किए गए एहतियाती प्रोटोकॉल के कारण कुछ समय के लिए सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई थी।
राहत की बात यह रही कि घटना में किसी यात्री को चोट नहीं आई और विमान सुरक्षित रूप से अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गया।






