
मुजफ्फरपुर , 18 Aug : मुजफ्फरपुर में मरीजों की जिंदगी बचाने के लिए इस्तेमाल होने वाली 102 एंबुलेंस में हथियार और मादक पदार्थ मिलने से हड़कंप मच गया. अहियापुर थाना क्षेत्र के SKMCH परिसर में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक सरकारी एंबुलेंस से देसी कट्टा और करीब 200 ग्राम गांजा जैसा मादक पदार्थ बरामद किया है.
गुप्त सूचना पर की गई कार्रवाई (Muzaffarpur Ambulance Ganja Recovered)
पुलिस के मुताबिक, 17 अगस्त की रात मिली गुप्त सूचना के आधार पर SKMCH ओपी की टीम ने त्वरित कार्रवाई की. सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक के पास खड़ी 102 एंबुलेंस की तलाशी ली गई. तलाशी के दौरान एंबुलेंस से एक देसी कट्टा और करीब 200 ग्राम गांजा जैसा पदार्थ बरामद हुआ.
मामले में एंबुलेंस चालक सरबजीत कुमार, जो तुर्की थाना क्षेत्र का रहने वाला है, और ईएमटी मनोहर कुमार, जो औराई थाना क्षेत्र का रहने वाला है, को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के अनुसार, दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है. इस मामले में अहियापुर थाना में कांड संख्या 1308/26 दर्ज किया गया है. पुलिस ने एंबुलेंस को भी जब्त कर लिया है.
लिंक की जांच जारी
सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार और गांजा आरोपियों के पास कहां से आया और इसे कहां पहुंचाया जाना था. इसके लिए आरोपियों के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की जांच की जा रही है. जांच में यह भी सामने आया है कि उक्त एंबुलेंस पहले बोचहां से SKMCH (SKMCH Muzaffarpur) आई थी. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि एंबुलेंस के बोचहां से आने और बरामदगी के बीच कोई कनेक्शन है या नहीं.
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में ऐसा प्रतीत हो रहा है कि दोनों आरोपी किसी सामान को एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाने वाले कैरियर की भूमिका में हो सकते हैं. हालांकि, वे किस गिरोह से जुड़े हैं, किसने उन्हें हथियार और गांजा दिया था और इसे किसे सौंपना था, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि मामले में किसी संगठित गिरोह की भूमिका है या नहीं.
दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है. अहियापुर थाना क्षेत्र में फिलहाल उनका कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है. तुर्की, औराई समेत अन्य थानों और पूरे जिले में उनके आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है.
की जाएगी रैंडम जांच (Ambulance Police Action)
इस घटना के बाद पुलिस ने सरकारी वाहनों की भी रैंडम जांच करने की बात कही है. सिटी एसपी के अनुसार, अब तक वाहन जांच के दौरान मुख्य रूप से निजी वाहनों पर ध्यान दिया जाता था, लेकिन सरकारी वाहनों के आपराधिक गतिविधियों में इस्तेमाल की आशंका को देखते हुए उनकी भी रैंडम चेकिंग की जाएगी.
Warning: Trying to access array offset on false in /home/areomziw/nawaiduggar.com/wp-content/themes/goodnews5/framework/functions/momizat_functions.php on line 104
Warning: Trying to access array offset on null in /home/areomziw/nawaiduggar.com/wp-content/themes/goodnews5/framework/functions/posts_share.php on line 66
Warning: Trying to access array offset on null in /home/areomziw/nawaiduggar.com/wp-content/themes/goodnews5/framework/functions/posts_share.php on line 82






