
श्रीनगर, 14 July : वन्यजीव संरक्षित क्षेत्रों में बढ़ते अवैध ऑफ-रोडिंग के खतरे पर कड़ा रुख अपनाते हुए लद्दाख प्रशासन ने पहली बार मोटरसाइकिल समूहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है।
मोरिरी झील के पास स्थित संरक्षित पारिस्थितिक रूप से संवेदनशील क्षेत्रों में अवैध रूप से प्रवेश करने पर 12 बाइकर्स पर 1.20 लाख रुपये यानी प्रति बाइक 10,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया है। वहीं, पैंगोंग झील के पास एसयूवी चलाने वाले एक अन्य पर्यटक पर 50,000 रुपये का दंड लगाया।
सो मोरिरी चांगथांग वन्यजीव अभयारण्य के अंतर्गत आने वाला पारिस्थितिक रूप से संवेदनशील आर्द्रभूमि क्षेत्र है। यह समूह वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम का उल्लंघन करता पाया गया। जिसके एवज में सभी से कुल 1.20 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया।
30 जून को पैंगोंग झील पर पकड़ी गई एसयूवी
इससे पहले 30 जून 2026 को पैंगोंग झील के पास मान गांव में नियमित गश्त के दौरान वन्यजीव विभाग के अधिकारियों ने उत्तर प्रदेश नंबर UP12CA5111 वाली महिंद्रा XUV 3XO को रोका। यह वाहन चांगथांग वन्यजीव अभयारण्य के भीतर झील के पास अवैध रूप से ऑफ-रोड चलाया जा रहा था। वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम के तहत वाहन को जब्त कर लिया गया। मेरठ, उत्तर प्रदेश निवासी चालक पर 50,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया और भुगतान के बाद जब्त वाहन को छोड़ दिया गया।





