
श्रीनगर, 9 July : उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने गुरुवार को श्रीनगर के पंथा चौक स्थित यात्रा ट्रांजिट कैंप और यात्री निवास का दौरा कर जारी श्री अमरनाथ जी यात्रा के श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उपराज्यपाल ने अधिकारियों और श्रद्धालुओं से बातचीत कर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि भगवान शिव के प्रत्येक श्रद्धालु को चौबीसों घंटे हर आवश्यक सुविधा और देखभाल उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पंजीकरण से लेकर आवास और भोजन तक किसी भी श्रद्धालु को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। जम्मू-कश्मीर में उनका प्रवास दिव्य, सुरक्षित और आरामदायक बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
सुरक्षित यात्रा हमारी सामूहिक जिम्मेदारी
उन्होंने आवास, स्वच्छता, सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, पेयजल, बिजली आपूर्ति, अग्निशमन व्यवस्था तथा विभिन्न विभागों द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए किए गए अन्य आवश्यक इंतजामों की भी समीक्षा की।
उपराज्यपाल ने कहा कि पिछले एक सप्ताह के आंकड़े बताते हैं कि इस वर्ष श्री अमरनाथ जी यात्रा में पिछले वर्ष की तुलना में अधिक संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हैं। यह बढ़ती संख्या न केवल हमारी आध्यात्मिक विरासत के लिए शुभ संकेत है, बल्कि जम्मू-कश्मीर के पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था के लिए भी नई ऊर्जा लेकर आई है।
उन्होंने कहा कि मैं चाहता हूं कि जम्मू-कश्मीर के समृद्ध हस्तशिल्प और हथकरघा उत्पाद देशभर में पहुंचें और प्रत्येक श्रद्धालु के घर में हमारी इस अनूठी विरासत को स्थान मिले। इससे हमारे कारीगरों का सम्मान होगा और वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट अभियान को भी मजबूती मिलेगी, जो आस्था, संस्कृति और समृद्धि को एक सूत्र में पिरोता है।





