
ऊधमपुर , 8 July : 4 जुलाई, बनिहाल में स्कूल का आखिरी वर्किंग डे। रामबन जिले के करावाह सरकारी मिडिल स्कूल में गर्मी की 15 दिन की छुट्टियां लगने वाली थीं। कक्षा 7 का एक बच्चा क्लास में ही सो गया। छुट्टी हुई, स्टाफ ने ताला लगाया और सब घर चले गए। किसी ने ये तक नहीं देखा कि बच्चा अंदर ही रह गया।
रात करीब 8 बजे स्कूल के भीतर से रोने-चिल्लाने की आवाज आई। वहां से गुजर रहे एक राहगीर ने दरवाजा खुलवाकर बच्चे को बाहर निकाला। करीब 4 घंटे तक वो अकेला बंद कमरे में फंसा रहा।
लापरवाही पर गिरी गाज, पूरा स्टाफ सस्पेंड
मामला सामने आते ही शिक्षा विभाग हरकत में आया। रामबन के मुख्य शिक्षा अधिकारी ने इसे बच्चों की सुरक्षा के साथ “गंभीर खिलवाड़” माना। नतीजा— स्कूल के प्रिंसिपल, 6 टीचर और 3 सहायक कर्मचारी, कुल 9 लोगों को तुरंत सस्पेंड कर दिया गया।






