
Bihar , 6 Feb : बिहार के भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, यहां एक 15 वर्षीय किशोर की पिज्जा खाने के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक छात्र की पहचान बिहिया नगर ब्लॉक रोड निवासी और सरकारी शिक्षक विनय कुमार केसरी के पुत्र बलवीर विनय के रूप में हुई है। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
पिज्जा खाने के बाद बिगड़ी तबीयत
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, बलवीर ने गुरुवार (5 फरवरी, 2026) की रात एक दुकान से पिज्जा खाया था। देर रात और शुक्रवार की अल सुबह उसे अचानक तेज दस्त (Loose Motion) शुरू हो गए। छात्र की हालत इतनी तेजी से बिगड़ी कि वह कमजोरी के कारण घर की गली में ही गिर पड़ा।
अस्पताल ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम
परिजन आनन-फानन में उसे बिहिया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे आरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि, नियति को कुछ और ही मंजूर था; सदर अस्पताल पहुंचने से पहले ही बलवीर ने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे ‘ब्रॉट डेड’ (मृत लाया गया) घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। टाउन थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है और उस दुकान की भी पहचान की जा रही है जहां से पिज्जा खरीदा गया था।
होनहार छात्र था बलवीर
बलवीर 10वीं कक्षा का छात्र था और इसी साल होने वाली बोर्ड परीक्षा की तैयारियों में जुटा था। उसकी असामयिक मृत्यु से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है। पिता ने बताया कि वे बक्सर से लौटकर आए थे और उन्हें सुबह 4 बजे इस अनहोनी की जानकारी मिली।







