दिल्ली, 24 Jan :-एनसीआर में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। दो दिनों की तेज धूप के बाद कोहरे के साथ सर्दी लौट आई है। आज सुबह कोहरे के साथ ठंड में इजाफा देखने को मिला। इस बीच मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए बताया कि अगले एक हफ्ते तक कोहरे और न्यूनतम तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है।
दिल्ली-एनसीआर में 23 जनवरी को न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 25 जनवरी तक तापमान 9 डिग्री तक गिर सकता है। 26 से 28 जनवरी तक घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है, जिससे अधिकतम तापमान 20 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री तक आ सकता है।
उधर, उत्तर प्रदेश में सहारनपुर से सोनभद्र तक घने कोहरे का कहर जारी है। कोहरे को लेकर मौसम विभाग ने यहां येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, राजस्थान के तीन जिलों- बारां, कौराली और धौलपुर में भी घने कोहरे देखने को मिला। बिहार के 11 जिलों में कोहरे का अलर्ट जारी है। इनमें बक्सर, भोजपुर, रोहतास और गया शामिल हैं।
हरियाणा के 15 जिलों में आज बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। महेंद्रगढ़, कुरुक्षेत्र, गुरुग्राम और बाकी जिलों में न्यूनतम तापमान में कमी दर्ज की जा सकती है। इससे ठंड बढ़ सकती है। वहीं, पंजाब में कोहरा और बारिश देखने को मिल सकता है।
झारखंड में ठंड बढ़ने की संभावना है। गुमला में राज्य का सबसे कम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रांची में 12 डिग्री सेल्सियस का न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया जो सामान्य से थोड़ा ज्यादा है। आज तापमान में कोई खास बदलाव देखने नहीं मिल सकता है। 25 जनवरी से न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री की गिरावट हो सकती है। उत्तरी और मध्य झारखंड के कुछ हिस्सों में बादल छाए रहने का अनुमान है।
जम्मू-कश्मीर के घाटी इलाकों में बर्फबारी जारी है। श्रीनगर, गुलमर्ग और पहलगाम में तापमान माइनस में बना हुआ है। जम्मू में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री जबकि कटरा और बटोत में 2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने 24-28 जनवरी तक शुष्क मौसम की संभावना जताई है। 29-31 जनवरी के बीच हल्की बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है।
तमिलनाडु और केरल में भी मौसम का मिजाज बदल गया है। तूतुकुड़ी, तेन्कासी और कन्याकुमारी जिलों में आंधी और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। कोमोरिन क्षेत्र और मन्नार की खाड़ी में तेज हवाएं चलने की संभावना है।