
पश्चिम बंगाल , 21 Nov : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार, 21 नवंबर 2026 को पश्चिम बंगाल के आईआईटी खड़गपुर के प्लेटिनम जुबली समारोह में शिरकत की. देश के पहले भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान के 75 वर्ष पूरे होने के मौके पर आयोजित इस कार्यक्रम में पीएम मोदी ने युवाओं, नवाचार और भारत की बदलती तस्वीर पर खुलकर बात की.
उन्होंने कहा कि राष्ट्र अपनी क्षमताओं को तभी पहचानते हैं, जब वे अपनी सोच की सीमाओं को तोड़ते हैं और भारत ने दुनिया को ‘ब्रेक द लिमिट्स, अनलॉक द पॉसिबिलिटीज’ का संदेश दिया है.
‘बंगाल में आइडियाज को बल मिलता है’
कलाईकुंडा वायुसेना अड्डे पर उतरने के बाद सड़क मार्ग से आईआईटी खड़गपुर पहुंचे पीएम मोदी ने कहा कि इस हीरक जयंती समारोह में उनके सामने भारत का अतीत, वर्तमान और भविष्य-तीनों एक साथ जुड़े हुए हैं. वर्ष 1951 में स्थापित देश के पहले आईआईटी की 75 साल की यात्रा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इस दौर में भारत ने बैलगाड़ी से बुलेट ट्रेन और डाक पत्रों से सोशल मीडिया संदेशों तक का सफर तय किया है, जिसमें खड़गपुर संस्थान की अहम भूमिका रही है.
50 साल पहले चिप बनाने आई कंपनी का जिक्र
संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने सेमीकंडक्टर से लेकर गरीबी उन्मूलन तक कई बड़े मुद्दे उठाए. उन्होंने कहा कि करीब 50 साल पहले भारत में सेमीकंडक्टर बनाने आई एक कंपनी को लाल झंडी दिखाकर वापस भेज दिया गया था, लेकिन आज भारत ने चिप का निर्यात करना शुरू कर दिया है.
गरीबी पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि पहले इसे स्थायी समस्या माना जाता था और लाल किले से शौचालय बनाने की घोषणा पर मजाक उड़ाया गया था, लेकिन पिछले 12-13 वर्षों में विश्व बैंक की रिपोर्ट के मुताबिक 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं.
स्पेस स्टार्टअप से लेकर 100वें साल के संकल्प तक
पीएम मोदी ने कहा कि अंतरिक्ष क्षेत्र खुलने से युवाओं को नई उड़ान मिली है और आईआईटी खड़गपुर के पूर्व छात्र पवन ने स्काईरूट एयरोस्पेस के जरिए भारत को पहला निजी रॉकेट लॉन्च करने का गौरव दिलाया. उन्होंने ‘नेशन फर्स्ट’ और ‘पावर टू एम्पावर’ के मंत्र पर जोर देते हुए छात्रों व पूर्व छात्रों से आह्वान किया कि जब संस्थान अपने 100 वर्ष पूरे करे, तब तक भारत एक विकसित राष्ट्र बन चुका हो.







