
जम्मू, 21 Nov : जम्मू-कश्मीर की कला, संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण में शाश्वत आर्ट गैलरी लंबे समय से सक्रिय है। गैलरी के संयोजक डा. सुरेश अबरोल इस क्षेत्र में लगभग 35 वर्षों से काम कर रहे हैं। वर्ष 2001 में संस्था को औपचारिक स्वरूप मिला और इसे रजिस्ट्रार आफ सोसायटी के अंतर्गत पंजीकृत कराया गया।
डा. अबरोल के अनुसार, संस्था अब तक देश के विभिन्न हिस्सों में 150 से अधिक सेमिनार, कार्यशालाएं और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर चुकी है। इनका उद्देश्य लोगों को सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत के महत्व तथा उसके वैज्ञानिक संरक्षण के तरीकों से परिचित कराना है।
कार्यक्रम दिल्ली के इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र, सीसीआरटी और विज्ञान भवन के साथ जम्मू विश्वविद्यालय, क्लस्टर विश्वविद्यालय, केंद्रीय विश्वविद्यालय, डीम्ड विश्वविद्यालय और केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय सहित विभिन्न संस्थानों में हुए हैं।
पुरानी पांडुलिपियों को बचाने पर जोर
संस्था का विशेष ध्यान कागज पर उपलब्ध ऐतिहासिक दस्तावेजों और पांडुलिपियों के संरक्षण पर है। कागज की गुणवत्ता में गिरावट, नमी और पर्यावरणीय कारणों से पुरानी पांडुलिपियां नष्ट हो सकती हैं। इसलिए इनके वैज्ञानिक संरक्षण के प्रति लोगों और संस्थानों को जागरूक करना जरूरी है।
इस दिशा में गैलरी ने गुज्जर देस चैरिटेबल ट्रस्ट, जनजातीय मामलों के विभाग, कला केंद्र सोसायटी जम्मू, अभिलेखागार विभाग जम्मू और जम्मू-कश्मीर कला, संस्कृति एवं भाषा अकादमी के साथ कार्यक्रम किए हैं।
जम्मू संभाग के 10 जिलों में काम कर रही गैलरी
भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के ज्ञान भारतम मिशन के तहत शाश्वत आर्ट गैलरी को क्लस्टर सेंटर की जिम्मेदारी मिली है। इसके अंतर्गत जम्मू संभाग के सभी दस जिलों में दुर्लभ पांडुलिपियों की पहचान, सर्वेक्षण, दस्तावेजीकरण, डिजिटलीकरण और संरक्षण किया जा रहा है।
संरक्षण के बाद पांडुलिपियां उनके मूल मालिकों और संरक्षकों को लौटाई जा रही हैं, ताकि उनकी पारिवारिक और धार्मिक विरासत सुरक्षित रहे।
पांडुलिपियों का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार कर रही विशेषज्ञ टीम
जम्मू स्थित गैलरी में डिजिटलीकरण विभाग में दो, संरक्षण विभाग में दो और दस्तावेजीकरण विभाग में एक कर्मचारी काम कर रहा है। पांडुलिपियों के डिजिटल रिकार्ड भी तैयार किए जा रहे हैं। डा. अबरोल ने कहा कि निजी परिवारों और धार्मिक संस्थानों के पास ज्ञान और इतिहास का अनमोल खजाना है।
लोगों से पांडुलिपियों की जानकारी साझा करने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि मिशन का प्रयास सदियों पुराने ज्ञान को डिजिटल रूप में दुनिया तक पहुंचाना और मूल संरक्षकों का अधिकार बनाए रखना है।






