
जम्मू, 21 Nov : नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) जम्मू जोनल यूनिट ने दिल्ली जोनल यूनिट के साथ मिलकर दवाओं की अवैध तस्करी करने वाले अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। यह नेटवर्क दिल्ली से कश्मीर घाटी तक प्रतिबंधित और नशीले पदार्थों के रूप में इस्तेमाल होने वाली दवाओं की सप्लाई कर रहा था। इस मामले में अब तक चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जांच के दौरान दिल्ली के शाहदरा इलाके में चल रहे एक गुप्त गोदाम से पांच लाख से अधिक टैबलेट, कैप्सूल और दवाओं की बोतलें बरामद की गई हैं।
एनसीबी के अनुसार, कुछ दिन पूर्व विशेष सूचना के आधार पर जम्मू की टीम ने उधमपुर जिले के चिन्नैनी स्थित माडा टोल प्लाजा के पास श्रीनगर जा रही एक यात्री बस को रोका।
तलाशी के दौरान डोडा जिले के भद्रवाह निवासी एक व्यक्ति के कब्जे से करीब सात किलो कोडीन युक्त कफ सिरप (सीबीसीएस) बरामद किया गया।
दिल्ली के किराये के परिसर में चल रहा था दवाओं का गुप्त गोदाम
इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद जांच को आगे बढ़ाते हुए एनसीबी ने कश्मीर घाटी में सप्लाई लेने वाले मुख्य आरोपी की पहचान कर उसे अनंतनाग से गिरफ्तार किया। वहीं, दिल्ली में दवाओं की सप्लाई करने वाले लोगों तक पहुंचने के लिए जम्मू और दिल्ली की टीमों ने संयुक्त कार्रवाई की।
18 नवंबर को आरोपियों से पूछताछ और जांच के दौरान कोडीन युक्त कफ सिरप की 356 बोतलें भी बरामद की गईं। जांच के दौरान दिल्ली के शाहदरा इलाके में किराये के परिसर में चल रहे एक गुप्त गोदाम का पता चला।
गुप्त गोदाम से पांच लाख से अधिक टैबलेट-कैप्सूल बरामद
18 और 19 नवंबर को वहां तलाशी लेने पर पांच लाख से अधिक टैबलेट, कैप्सूल और दवाओं की बोतलें बरामद हुईं। इनमें ट्रामाडोल हाइड्रोक्लोराइड, अल्प्राजोलम, नाइट्राजेपम और कोडीन युक्त दवाएं शामिल हैं। एनसीबी अब इस नेटवर्क को दवाओं की सप्लाई करने वाले मुख्य स्रोतों और इसके आर्थिक लेनदेन का पता लगाने में जुटी है।
जांच का उद्देश्य यह पता लगाना है कि वैध दवा सप्लाई के दौरान कोडीन युक्त कफ सिरप को कहां से अवैध कारोबार में पहुंचाया गया और इस पूरे नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं।





