
आरएसपुरा, 21 Nov : आरएसपुरा मुख्य बस स्टैंड पर शनिवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक व्यक्ति अपनी समस्या का समाधान न होने से परेशान होकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया। करीब एक घंटे तक चले इस घटनाक्रम के दौरान नीचे खड़े लोग लगातार उसे उतरने के लिए समझाते रहे, लेकिन वह किसी की बात मानने को तैयार नहीं हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे।
टावर पर चढ़े व्यक्ति की पहचान कमल किशोर शर्मा निवासी कोटली शाह दोला के रूप में हुई है। नीचे उतरने के बाद पुलिस उसे अपने साथ थाने ले गई, जहां उसकी समस्या के संबंध में जानकारी ली गई।
बार-बार शिकायत करने के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई
कमल किशोर शर्मा ने बताया कि उसके घर से पानी की निकासी का रास्ता स्थानीय कुछ प्रॉपर्टी डीलरों ने कथित तौर पर बंद कर दिया है। इसके कारण उसे काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उसका कहना था कि इस समस्या को लेकर वह पिछले 15 दिनों के भीतर दो बार प्रशासन के समक्ष लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग कर चुका था, लेकिन उसकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
बार-बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान न होने से परेशान होकर उसने शनिवार को मोबाइल टावर पर चढ़कर आत्महत्या करने जैसा कदम उठाने का मन बना लिया था।
थाना प्रभारी और तहसीलदार के आश्वासन के बाद टावर से उतरा
कमल किशोर शर्मा ने बताया कि मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी और तहसीलदार ने उसकी बात सुनी और समस्या का समाधान करवाने का भरोसा दिलाया, जिसके बाद वह टावर से नीचे उतर आया।
उसने कहा कि यदि प्रशासन उसकी समस्या का स्थायी समाधान करवाता है तो वह अधिकारियों का आभार व्यक्त करेगा, लेकिन अगर उसकी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वह दोबारा कोई कड़ा कदम उठाने को मजबूर हो सकता है।





