
जम्मू , 28 Nov : कांग्रेस पर परिवारवाद, पर्दे के पीछे से सत्ता संचालन और लोकतांत्रिक व्यवस्था को राजनीतिक विरासत समझने का आरोप लगाते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को जम्मू में गांधी परिवार पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में प्रधानमंत्री जैसे संवैधानिक पद की गरिमा के बावजूद सत्ता का वास्तविक केंद्र कहीं और था। मनमोहन सिंह सरकार का उदाहरण देते हुए उन्होंने दावा किया कि उस समय सरकार का रिमोट कंट्रोल राष्ट्रीय सलाहकार परिषद और सोनिया गांधी के हाथों में था। सिंह ने कहा कि भाजपा की सरकार किसी परिवार या दरबार के इशारे पर नहीं चलती।
सिंह ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के मीडिया सलाहकार रहे संजय बारू की पुस्तक का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि कैबिनेट की महत्वपूर्ण फाइलें सोनिया गांधी की मंजूरी के लिए भेजी जाती थीं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सरकार का प्रधानमंत्री कोई और था तो महत्वपूर्ण फैसलों में पर्दे के पीछे से प्रभाव कौन डाल रहा था।
राहुल की PM बनने की उम्मीदों पर राजनाथ का तंज
रक्षा मंत्री ने 2013 के अध्यादेश विवाद का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह विदेश यात्रा पर थे और राहुल गांधी ने सार्वजनिक रूप से अपनी ही सरकार द्वारा लाए गए अध्यादेश को गलत बताते हुए उसकी आलोचना की थी। सिंह के अनुसार, राहुल गांधी की आपत्ति के बाद मनमोहन सिंह को अपना फैसला बदलना पड़ा। उन्होंने इसे कांग्रेस में वास्तविक सत्ता और संवैधानिक जिम्मेदारी के बीच टकराव का उदाहरण बताया।
राहुल गांधी की प्रधानमंत्री पद की महत्वाकांक्षा पर टिप्पणी करते हुए सिंह ने कहा कि कांग्रेस के कुछ नेताओं को लगता था कि 2024 में उनका समय आ जाएगा और वे प्रधानमंत्री बनेंगे। लेकिन जनता ने एक बार फिर मोदी को नेतृत्व सौंपा। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव में अपेक्षित परिणाम नहीं मिलने के बाद कांग्रेस ने चुनाव आयोग और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल उठाने शुरू कर दिए।
‘मोदी को विरासत में नहीं, जनता से मिला प्रधानमंत्री पद’
सिंह ने कहा कि मोदी किसी राजनीतिक परिवार की विरासत से प्रधानमंत्री नहीं बने। उन्हें देश की जनता ने चुना है और जब जनता चाहेगी, तभी वह पद छोड़ेंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री के फकीर होने संबंधी बयान का उल्लेख करते हुए कहा कि मोदी स्वयं कहते हैं कि जनता जब चाहेगी, वह अपना झोला उठाकर चले जाएंगे।
उन्होंने कांग्रेस पर सत्ता हासिल करने की हड़बड़ाहट में अराजकता फैलाने का आरोप लगाया और कहा कि लोकतंत्र किसी परिवार, राजनीतिक दरबार या किसी व्यक्ति की स्वाभाविक दावेदारी से नहीं चलता। संविधान ही सत्ता और नेतृत्व का आधार है।
स्टार्टअप इंडिया से लखपति दीदी तक योजनाएं गिनाईं
रक्षा मंत्री ने सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए स्टार्टअप इंडिया, मेक इन इंडिया, किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और लखपति दीदी कार्यक्रम को आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में आतंकवाद, नक्सलवाद और आर्थिक चुनौतियों से निपटने के लिए सरकार ने प्रयास किए हैं।
सिंह ने कांग्रेस की राजनीति को नकारात्मकता से प्रेरित बताते हुए कहा कि भाजपा का उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि देश को आर्थिक और सामरिक रूप से मजबूत बनाना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री पद किसी परिवार का जन्मसिद्ध अधिकार नहीं हो सकता और लोकतंत्र में अंतिम फैसला जनता का ही होता है।





