
जम्मू, 28 Nov : कांग्रेस के चुनावी आरोपों और राहुल गांधी की राजनीतिक रणनीति पर पलटवार करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को जम्मू की धरती से विपक्ष को कड़ा राजनीतिक संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सत्ता से हटाने का अधिकार न कांग्रेस के पास है और न किसी राजनीतिक गठबंधन के पास, बल्कि यह अधिकार केवल देश की जनता को है। सिंह ने दो टूक कहा, “मोदी जी कहीं नहीं जाने वाले हैं। कांग्रेस को अपना बोरिया-बिस्तर समेटने का समय आ गया है।”
‘सिर्फ महसूस करने से कोई आरोप सच नहीं हो जाता’
राहुल गांधी की कथित चुनावी अनियमितताओं संबंधी टिप्पणियों पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने फिल्म और क्रिकेट का उदाहरण दिया। कहा कि बहुत से लोगों को लगता है कि वे बड़े अभिनेता या क्रिकेटर बन सकते हैं, लेकिन केवल ऐसा महसूस करने से वे बन नहीं जाते। इसी तरह चुनाव में वोट चोरी होने की भावना व्यक्त करना प्रमाण नहीं हो सकता।
उन्होंने क्रिकेट के उस खिलाड़ी से राहुल गांधी की तुलना की जो आउट होने के बाद क्रीज छोड़ने को तैयार नहीं होता और अंत में अंपायर की ईमानदारी पर ही सवाल उठाने लगता है। सिंह ने कहा कि बचपन के खेल में ऐसा व्यवहार चल सकता है, लेकिन लोकतंत्र में बड़े नेताओं का ऐसा रवैया खतरनाक है।
2014 के चुनाव का जिक्र कर राजनाथ ने कांग्रेस को घेरा
रक्षा मंत्री ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाने के लिए भी कांग्रेस को घेरा। उन्होंने 2014 में कांग्रेस नेतृत्व वाली सरकार के दौरान चुनाव आयुक्त की नियुक्ति का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा की जीत को केवल चुनाव आयोग पर आरोप लगाकर खारिज नहीं किया जा सकता। उन्होंने कांग्रेस पर संवैधानिक संस्थाओं को अपनी निजी संपत्ति समझने का आरोप लगाया।
1975 का आपातकाल याद दिलाकर कांग्रेस पर निशाना
सिंह ने 1975 के आपातकाल, प्रेस सेंसरशिप, विपक्षी नेताओं की गिरफ्तारियों और निर्वाचित राज्य सरकारों को बर्खास्त किए जाने का मुद्दा उठाया। शाह बानो मामले का उल्लेख करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले को पलटकर राजनीतिक तुष्टीकरण को प्राथमिकता दी थी।
उन्होंने राहुल गांधी की चीन और भारतीय सैनिकों को लेकर की गई टिप्पणियों, हिंदू पहचान और राम मंदिर संबंधी बयानों पर भी सवाल उठाए। संसद में उनकी उपस्थिति को लेकर भी निशाना साधते हुए कहा कि राष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा करने के बजाय उनका ध्यान मोदी का विरोध करने पर अधिक रहता है।
‘मोदी को हटाकर सत्ता हासिल करना चाहता है विपक्ष’
सिंह ने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी किसी भी तरह मोदी को हटाकर सत्ता हासिल करना चाहते हैं और इसी बेचैनी में देश में अराजकता का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री ने जनता के विश्वास से नेतृत्व हासिल किया है, किसी पारिवारिक विरासत से नहीं।
रक्षा मंत्री ने कहा कि भाजपा की राजनीति सत्ता हासिल करने तक सीमित नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के लिए है। उन्होंने जनता से लोकतंत्र, संविधान, राष्ट्रीय एकता और देश की सुरक्षा के खिलाफ किसी भी प्रयास का राजनीतिक जवाब देने का आह्वान किया।





