-1791807379249_v.webp)
उधमपुर, 12 oct : जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पैदल यात्रियों की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने बड़ा कदम उठाया है। उधमपुर से बनिहाल के बीच करीब 86 किलोमीटर लंबे राजमार्ग पर 65 करोड़ रुपये की लागत से 21 फुटब्रिज बनाए जाएंगे।
NHAI ने फुटब्रिज के लिए शुरू की टेंडर
एनएचएआई ने इन फुटब्रिज के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभागीय प्रक्रिया के अनुसार इसी महीने के अंत तक टेंडर प्रक्रिया पूरी होने की संभावना है और नवंबर तक निर्माण कार्य के लिए किसी कंपनी को ठेका आवंटित किया जा सकता है। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से फुटब्रिज का निर्माण शुरू होने की उम्मीद है।
एनएचएआई की इस पहल को राजमार्ग पर सड़क सुरक्षा बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। 65 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित 21 फुटब्रिज न केवल पैदल यात्रियों को सुरक्षित रास्ता उपलब्ध कराएंगे, बल्कि उधमपुर से बनिहाल तक राजमार्ग पर दुर्घटनाओं को कम करने में भी मददगार साबित हो सकते हैं।
तेज रफ्तार वाहनों के बीच सड़क पार करना बड़ी चुनौती
जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग जम्मू संभाग को कश्मीर घाटी से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है। इस मार्ग पर प्रतिदिन हजारों वाहन आवागमन करते हैं। यातायात का दबाव अधिक होने और वाहनों की तेज रफ्तार के कारण पैदल यात्रियों के लिए सड़क पार करना हमेशा जोखिम भरा रहता है। राजमार्ग के किनारे कई स्थानों पर छोटी-बड़ी बस्तियां और बाजार बसे हुए हैं। इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए सड़क के दूसरी ओर जाना पड़ता है।
फुटब्रिज की सुविधा नहीं होने के कारण लोग सीधे राजमार्ग पार करने को मजबूर होते हैं। इस दौरान कई बार तेज रफ्तार वाहनों की चपेट में आने से लोग घायल हो जाते हैं। फुटब्रिज बनने से इस तरह की दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलने की उम्मीद है। पैदल यात्री बिना यातायात के बीच आए सुरक्षित तरीके से राजमार्ग के एक हिस्से से दूसरे हिस्से तक पहुंच सकेंगे।
जखैनी से नाशरी तक पांच फुटब्रिज
योजना के तहत उधमपुर जिले में जखैनी से चनैनी-नाशरी टनल के बीच पांच फुटब्रिज बनाए जाएंगे। यह हिस्सा उधमपुर शहर और आसपास के क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण है। राजमार्ग के किनारे कई स्थानों पर स्थानीय लोगों की आवाजाही रहती है। ऐसे में फुटब्रिज बनने से स्थानीय निवासियों के साथ-साथ राजमार्ग से गुजरने वाले यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी। इस पर करीब 14 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
वहीं, नाशरी टनल से बनिहाल तक 16 फुटब्रिज बनाए जाने हैं। यह हिस्सा पहाड़ी क्षेत्र से गुजरता है और राजमार्ग के आसपास कई स्थानों पर आबादी तथा छोटे बाजार मौजूद हैं। इन क्षेत्रों में सड़क पार करने के लिए सुरक्षित व्यवस्था की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही है। इस पर करीब 51 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
छोटे बाजारों के लोगों को भी मिलेगा लाभ
उधमपुर से बनिहाल के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे कई छोटी मार्केट हैं। स्थानीय दुकानदारों और आसपास रहने वाले लोगों का रोजाना राजमार्ग के दोनों ओर आना-जाना रहता है। फुटब्रिज बनने के बाद उन्हें यातायात के बीच से होकर सड़क पार करने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
इसका सीधा लाभ स्थानीय निवासियों के साथ राहगीरों और वाहन चालकों को भी मिलेगा। पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित रास्ता उपलब्ध होने से राजमार्ग पर अचानक सड़क पार करने वाले लोगों की संख्या कम हो सकती है, जिससे वाहनों की आवाजाही भी अधिक व्यवस्थित होने की उम्मीद है।
पर्यटकों को भी मिलेगी सुविधा
जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बड़ी संख्या में पर्यटक भी आवागमन करते हैं। पत्नीटाप और कश्मीर घाटी की ओर जाने वाले पर्यटकों के लिए भी कई स्थानों पर राजमार्ग के किनारे रुकना और सड़क पार करना पड़ता है। फुटब्रिज उपलब्ध होने से ऐसे यात्रियों को भी सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।
-1791798370022_v.webp)
-1791805261642_v.webp)



