-1791805261642_v.webp)
श्रीनगर , 12 Oct : श्रीनगर में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस के बीच सियासी टकराव देखने को मिला। कांग्रेस मुख्यालय के सामने स्थित प्रताप पार्क में भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी और कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन किया तथा उनका पुतला फूंका।
सोमवार दोपहर करीब 12 बजे भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ता प्रताप पार्क पहुंचीं और कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शनकारियों ने राहुल गांधी को निशाना बनाते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं से जुड़े सवालों पर घिरी हुई है।
उन्होंने कांग्रेस पर ‘वोट चोरी’ का आरोप लगाते हुए राहुल गांधी का पुतला जलाकर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के दौरान महिला कार्यकर्ताओं ने ‘एक कचौरी, दो समोसा, राहुल गांधी पर क्या भरोसा’ जैसे नारे लगाए। इन नारों के बीच प्रताप पार्क में काफी देर तक राजनीतिक माहौल गर्म रहा।
कांग्रेस का पलटवार, ‘वोट चोर भाजपा’ के नारे
प्रदर्शन के बाद भाजपा महिला कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस मुख्यालय का घेराव करने की कोशिश की। हालांकि, वहां पहले से तैनात सुरक्षाकर्मियों, जिनमें महिला सुरक्षाकर्मी भी शामिल थीं, ने उन्हें सड़क पार करने से रोक दिया और वापस पार्क के भीतर कर दिया। सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी के कारण भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस मुख्यालय तक नहीं पहुंच सकीं।
भाजपा के प्रदर्शन के बीच कांग्रेस कार्यकर्ता भी मुख्यालय के मुख्य द्वार से बाहर आ गए। उन्होंने भाजपा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए ‘वोट चोर भाजपा’ और ‘भाजपा मुर्दाबाद’ जैसे नारे लगाए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा के साथ-साथ चुनाव आयोग को भी निशाने पर लिया और ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर अपना विरोध जताया।
इस तरह दोनों राजनीतिक दल एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए आमने-सामने आ गए। भाजपा जहां कांग्रेस और राहुल गांधी के खिलाफ प्रदर्शन कर रही थी, वहीं कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा पर पलटवार करते हुए अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे थे।
युवा कांग्रेस ने उठाया दोहरे मापदंड का मुद्दा
युवा कांग्रेस के उपप्रधान यासीर मुंडू के नेतृत्व में प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार पर जम्मू-कश्मीर में दोहरा मापदंड अपनाने का आरोप लगाया। मुंडू ने कहा कि जब कांग्रेस केंद्र सरकार के खिलाफ कश्मीर में प्रदर्शन का ऐलान करती है, तो उसके कार्यकर्ताओं को पार्टी मुख्यालय से बाहर निकलने तक नहीं दिया जाता।
उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे मौकों पर मुख्यालय के बाहर कंटीली तारें लगा दी जाती हैं और भारी संख्या में सुरक्षाबलों को तैनात किया जाता है, जबकि भाजपा कार्यकर्ताओं को ऐसी रोक-टोक का सामना नहीं करना पड़ता। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि कानून सभी के लिए समान है, तो भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ता कांग्रेस मुख्यालय तक कैसे पहुंच गईं।
केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ रोष जताते हुए जब कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरने का प्रयास किया, तो सुरक्षाकर्मियों ने हल्का बल प्रयोग कर उन्हें वापस पार्टी कार्यालय के भीतर कर दिया। इसके बावजूद दोनों दलों के बीच नारेबाजी और आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला काफी देर तक जारी रहा।
स्थिति बिगड़ने की आशंका के बीच पुलिस ने हस्तक्षेप किया। महिला सुरक्षाकर्मियों की मदद से प्रदर्शनकारियों को वाहनों में बैठाकर वहां से रवाना किया गया। इसके बाद मौके पर स्थिति को संभालने का प्रयास किया गया।
/rising-kashmir/media/media_files/wp-content/uploads/2025/12/Labourers-backbone-of-JKs-economy-Deputy-CM.jpeg)
-1791798370022_v.webp)
-1791807379249_v.webp)



