
जम्मू, 18 Aug : जम्मू-कश्मीर में NIA की स्पेशल कोर्ट ने पाकिस्तान में बैठे आतंकी हैंडलर मोहम्मद याकूब उर्फ अबू सुमामा के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया है। उस पर UAPA की धारा 35 के तहत आरोप हैं।
NIA के मुताबिक, यह मामला श्रीनगर में मोहम्मद नकीब भट के पास से ग्रेनेड और 15 जिंदा कारतूस मिलने के बाद शुरू हुई जांच से जुड़ा है। जांच आगे बढ़ी तो इसमें पाकिस्तान में बैठे आतंकी हैंडलर मोहम्मद याकूब की भूमिका भी सामने आई। इसी आधार पर अदालत ने अब उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया है।
सुमामा को हाफिज सईद का राइट हैंड माना जाता
NIA के अनुसार, अबू सुमामा ने कथित तौर पर गिरफ़्तार पाकिस्तानी आतंकवादियों अब्दुल्ला राजपूत उर्फ़ कामरान अहमद और खुबैब उर्फ़ उस्मान जट्ट को निर्देश दिए थे। आरोपी ने उन्हें कश्मीर घाटी में सुरक्षा बलों और आम नागरिकों को निशाना बनाकर आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए कहा था।
अदालत ने पाया कि आरोपी फरार है और ग़ैर-जमानती वारंट जारी करने के लिए NIA की अर्ज़ी को मंज़ूरी दे दी। सुमामा को हाफिज सईद का राइट हैंड माना जाता है। वह J&K में LeT के ऑपरेटिव्स के लिए टेरर फाइनेंसिंग और लॉजिस्टिक्स का काम संभालता है।
हाफिज सईद के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 8 जुलाई को जम्मू की NIA की स्पेशल कोर्ट ने पाकिस्तान में मौजूद प्रतिबंधित आतंकी संगठन ‘लश्कर-ए-तैयबा’ के चीफ हाफिज सईद के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया। यह वारंट पहलगाम आतंकी हमले की चल रही जांच से जुड़े एक मामले में जारी किया गया। इससे दो दिन पहले ही NIA ने पहलगाम आतंकी हमले के मामले में सईद के खिलाफ़ सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल की थी।
चार्जशीट में 76 साल के सईद पर व्यक्तिगत तौर पर और प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा और उसके प्रॉक्सी संगठन ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ (TRF) के प्रमुख के तौर पर आरोप लगाए गए हैं। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 और गैर-कानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA), 1967 की कई धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
NIA ने कोर्ट को बताया कि पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के सरगोधा का रहने वाला भगोड़ा आतंकवादी सईद पहलगाम आतंकी हमले का आरोपी है। एजेंसी ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू करने और जांच के दौरान उसके खिलाफ़ कानूनी कदम उठाने के लिए ‘ओपन-डेटेड’ गैर-ज़मानती वारंट जारी करने की मांग की।
पहलगाम हमले में 26 लोगों की गई थी जान
पिछले साल आतंकवादियों ने दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में 26 लोगों की हत्या कर दी थी, जिनमें ज़्यादातर पर्यटक थे। भारत और अमेरिका द्वारा ‘ग्लोबल टेररिस्ट’ घोषित सईद को 2008 के मुंबई आतंकी हमलों का मास्टरमाइंड भी माना जाता है।





