
उज्जैन , 8 Aug : पवित्र सावन के महीने में धर्मनगरी उज्जैन का नजारा इस वक्त देखते ही बन रहा है. बाबा महाकाल के दरबार में शिवभक्तों का ऐसा सैलाब उमड़ा है कि हर तरफ सिर्फ ‘हर हर महादेव’ की गूंज सुनाई दे रही है. महाकाल लोक से लेकर मंदिर परिसर तक भक्तों की भारी भीड़ ने पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं. देश के कोने-कोने से आ रहे श्रद्धालु बस एक बार बाबा के दीदार करने के लिए बेताब नजर आ रहे हैं.
8 दिनों में 29 लाख से ज्यादा भक्तों ने टेका माथा
मंदिर समिति से मिली जानकारी के मुताबिक सावन की शुरुआत यानी 30 जुलाई से 6 अगस्त के बीच महज आठ दिनों के भीतर कुल 29 लाख 28 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं ने महाकाल के दर्शन कर आशीर्वाद लिया है. भीड़ का यह आलम है कि रेलवे स्टेशन से लेकर मंदिर के रास्तों तक हर जगह पैर रखने की भी जगह नहीं बच रही है.
बंपर बिक रहा है प्रसाद और स्पेशल टिकट
भक्तों की इस भारी भीड़ का असर मंदिर की आय पर भी साफ दिख रहा है. इन आठ दिनों में श्रद्धालुओं ने दिल खोलकर खरीदारी की है. मंदिर समिति के अनुसार महज 8 दिनों में करीब 497 क्विंटल लड्डू प्रसाद बिक चुका है जिससे मंदिर को 2 करोड़ 35 लाख रुपये से ज्यादा की कमाई हुई है. इसके अलावा 250 रुपये वाले शीघ्र दर्शन के लिए 1 लाख 40 हजार से अधिक टिकट बिके जिससे करीब 3 करोड़ 50 लाख रुपये का राजस्व हुआ है.
सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम
राजस्थान के बांसवाड़ा समेत मध्य प्रदेश और दूसरे राज्यों से लगातार आ रही कांवड़ यात्राओं के हजारों शिवभक्त पारंपरिक तरीके से जलाभिषेक कर रहे हैं. श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी न हो और वे आसानी से बाबा के दर्शन कर सकें इसके लिए मंदिर प्रबंध समिति ने कतार और प्रवेश की बेहद कड़ी व्यवस्था की है ताकि हर कोई सुगमता के साथ बाबा महाकाल के दरबार में हाजिरी लगा सके.
Warning: Trying to access array offset on false in /home/areomziw/nawaiduggar.com/wp-content/themes/goodnews5/framework/functions/momizat_functions.php on line 104
Warning: Trying to access array offset on null in /home/areomziw/nawaiduggar.com/wp-content/themes/goodnews5/framework/functions/posts_share.php on line 66
Warning: Trying to access array offset on null in /home/areomziw/nawaiduggar.com/wp-content/themes/goodnews5/framework/functions/posts_share.php on line 82






