
श्रीनगर,3 Aug : जम्मू-कश्मीर सरकार ने अनंतनाग जिले के दो प्रमुख धार्मिक स्थलों के संरक्षण, जीर्णोद्धार और आधारभूत ढांचे के विकास के लिए 10.95 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली सरकार की इस पहल के तहत खिरम जियारत शरीफ और बिजबेहड़ा के थाजीवाड़ा स्थित शिव मंदिर में संरक्षण कार्यों के साथ श्रद्धालुओं की सुविधाओं का भी विस्तार किया जाएगा।
सरकार की ओर से जारी स्वीकृति के अनुसार खिरम जियारत शरीफ के जीर्णोद्धार एवं नवीनीकरण के लिए 5.03 करोड़ रुपये और थाजीवाड़ा शिव मंदिर की मरम्मत एवं पुनरुद्धार के लिए 5.92 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। परियोजनाओं का उद्देश्य दोनों धार्मिक स्थलों की ऐतिहासिक, धार्मिक और स्थापत्य विरासत को सुरक्षित रखते हुए उनकी मूल पहचान को बनाए रखना है।






