
जम्मू , 31 July : प्रदेश भाजपा ने पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर में कथित मानवाधिकार उल्लंघनों पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए अंतरराष्ट्रीय समुदाय से इस मुद्दे पर चुप्पी तोड़ने की अपील की। पार्टी ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान की सुरक्षा एजेंसियां निर्दोष नागरिकों, महिलाओं और बच्चों को निशाना बना रही हैं तथा क्षेत्र के लोगों की आवाज को दबाया जा रहा है।
शुक्रवार को त्रिकुटा नगर स्थित भाजपा मुख्यालय में एक पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए पार्टी के प्रवक्ता डा. ताहिर चौधरी और डा. अभिजीत सिंह जसरोटिया ने कहा कि पीओजेके के लोग आज भी भारत की ओर आशा भरी नजरों से देख रहे हैं और वहां की स्थिति लगातार चिंताजनक होती जा रही है।
POJK में गोलीबारी की घटनाएं बढ़ी
डॉ. ताहिर चौधरी ने आरोप लगाया कि हाल के सप्ताहों में पाकिस्तान अधिकृत क्षेत्र में नागरिकों पर गोलीबारी की घटनाएं बढ़ी हैं और महिलाओं व बच्चों सहित निर्दोष लोगों की जान जा रही है। उन्होंने दावा किया कि क्षेत्र से सामने आ रहे वीडियो वहां मानवाधिकार उल्लंघनों की गंभीर तस्वीर पेश करते हैं लेकिन अंतरराष्ट्रीय समुदाय और वैश्विक संस्थाएं इस पर मौन हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का स्पष्ट मत है कि पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है।
उन्होंने कहा कि भारतीय जम्मू-कश्मीर में हुए विकास और सुशासन को देखकर पीओजेके के लोगों का भारत के प्रति विश्वास बढ़ा है, जिससे पाकिस्तान की सरकार और सुरक्षा तंत्र में चिंता है। उन्होंने ने नेशनल कांफ्रेंस, पीडीपी और कांग्रेस सहित जम्मू-कश्मीर के क्षेत्रीय राजनीतिक दलों से भी पीओजेके में कथित अत्याचारों के खिलाफ खुलकर आवाज उठाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि सभी राजनीतिक दलों को इस मुद्दे पर एकजुट होकर मानवाधिकारों के समर्थन में सामने आना चाहिए। भाजपा नेताओं ने दोहराया कि उनकी पार्टी पीओजेके के लोगों के साथ मजबूती से खड़ी है और उनके अधिकारों तथा हितों से जुड़े मुद्दों को हर उचित मंच पर उठाती रहेगी।






