
New Delhi , 29 July : संसद के मानसून सत्र के दौरान बुधवार को लोकसभा में भारी हंगामे के बीच ‘लोक परीक्षा संशोधन विधेयक 2026’ यानी Anti Paper Leak Bill 2026 को पास कर दिया गया. सदन की कार्यवाही के दौरान विपक्ष ने राहुल गांधी के बयानों और गृह मंत्री अमित शाह पर लगे गंभीर आरोपों को लेकर जोरदार हंगामा किया. विपक्षी सांसदों का आरोप था कि 20 जुलाई को जंतर-मंतर से संसद चलो मार्च के दौरान छात्र प्रदर्शनकारियों पर पैलेट गन चलवाई गई थी, जिसको लेकर सदन का माहौल काफी गर्म नजर आया. फिलहाल लोकसभा की कार्यवाही कल सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है.
कड़े प्रावधानों वाला संशोधन बिल
आपको बता दें कि केंद्र सरकार ने हाल ही में देश भर में हुए छात्र प्रदर्शनों और नीट (NEET) विवाद के बाद इस संशोधन बिल को सोमवार को ही सदन में पेश किया था. इस विवाद के तूल पकड़ने के बाद शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र पतन को अपने पद से इस्तीफा तक देना पड़ गया था.
इस नए और संशोधित विधेयक का मुख्य मकसद प्रतियोगी परीक्षाओं में होने वाली धांधली और पेपर लीक जैसी घटनाओं पर नकेल कसना है. कानून के तहत दोषियों के लिए बेहद सख्त सजा का प्रावधान किया गया है, जिसमें 10 साल तक की लंबी कैद और 50 लाख रुपये तक का भारी जुर्माना शामिल है.
विपक्ष का हंगामा और कामकाज ठप
जब से 20 जुलाई को मानसून सत्र की शुरुआत हुई है तभी से नीट पेपर लीक और अन्य मुद्दों पर विपक्ष लगातार सरकार को घेर रहा है. हंगामे के चलते संसद की कार्यवाही बार-बार बाधित हो रही है, जिससे विधाई कामकाज बुरी तरह प्रभावित हुआ है और सत्र के दौरान मुख्य रूप से सिर्फ इन दो विधेयकों की ही चर्चा और शुरुआत हो पाई है.





