
कटड़ा , 9 July : कटड़ा में मानसून की तेज बारिश ने नगर क्षेत्र की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। बारिश के बाद शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बन गई, जबकि काउंटर नंबर-2 से मुख्य अस्पताल जाने वाला मार्ग और उधमपुर रोड सबसे अधिक प्रभावित रहे। सड़क पर पानी भरने और गड्ढों के कारण राहगीरों तथा वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
काउंटर नंबर-2 से मुख्य अस्पताल जाने वाले मार्ग पर सड़क पहले से ही क्षतिग्रस्त है। बारिश के बाद सड़क पर पानी भर जाने से गड्ढे नजर नहीं आए, जिससे दोपहिया वाहन चालकों, बुजुर्गों और पैदल चलने वालों के लिए आवाजाही जोखिम भरी हो गई। कई स्थानों पर लोगों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा।
उधर, उधमपुर रोड पर सड़क किनारे बने नालों के जाम होने से बारिश का पानी सड़क पर फैल गया। जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण थोड़ी देर की बारिश में ही सड़क पर जलभराव हो गया, जिससे यातायात प्रभावित रहा।
स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि प्रत्येक वर्ष बरसात से पहले नालों की सफाई और सड़कों की मरम्मत के दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति अलग नजर आती है। दुकानों के बाहर पानी जमा होने से ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित हुई और व्यापार पर भी असर पड़ा।
राहगीरों ने भी प्रशासन से बरसात शुरू होने से पहले नालों की सफाई और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत सुनिश्चित करने की मांग की। उनका कहना है कि समय रहते आवश्यक कार्य होने पर लोगों को इस प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से काउंटर नंबर-2 से मुख्य अस्पताल मार्ग तथा उधमपुर रोड की शीघ्र मरम्मत कराने, जाम पड़े नालों की सफाई करवाने और प्रभावी जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि आगामी बारिश के दौरान शहरवासियों और मां वैष्णो देवी के श्रद्धालुओं को राहत मिल सके।






