
हीरानगर , 7 July : पंचायत पथवाल में खैर के पेड़ों की कथित अवैध कटाई से नाराज ग्रामीणों ने मंगलवार को उप मंडल कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ रोष व्यक्त किया। प्रदर्शनकारियों ने अवैध कटाई में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।
धरने का नेतृत्व कर रहे बीएल कांडले और सुरेश कुमार ने कहा कि पंचायत पथवाल में पिछले कई महीनों से रात के अंधेरे में खैर के बहुमूल्य पेड़ों की चोरी-छिपे कटाई की जा रही है। सुबह जब ग्रामीण खेतों में जाते हैं तो कई स्थानों पर खैर के पेड़ कटे हुए मिलते हैं। इससे किसानों को लगातार नुकसान पहुंच रहा है और चिंता का माहौल है।
प्रदर्शनकारियों के अनुसार, लगभग 15 दिन पूर्व भी ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल एसडीएम हीरानगर फुलैल सिंह से मिला था और उन्हें पूरे मामले से अवगत कराते हुए अवैध कटाई पर रोक लगाने तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।
उनका आरोप है कि शिकायत के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई, जिसके कारण अवैध कटाई का सिलसिला जारी है और लकड़ी चोरों के हौसले बढ़े हुए हैं।ग्रामीणों ने मांग की कि वन विभाग और पुलिस संयुक्त रूप से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाएं, अवैध कटाई में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करें तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
यदि समय रहते इनकी अवैध कटाई पर रोक नहीं लगी तो पर्यावरण के साथ ही किसानों को भी भारी नुक्सान उठाना पड़ेगा। उन्होंने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र ठोस कार्रवाई करने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द अमल नहीं हुआ तो वे अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने के साथ आंदोलन को और तेज करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। धरना-प्रदर्शन में सुदेश कुमार राहुल, राकेश सिंह, विशनदास सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
Warning: Trying to access array offset on false in /home/areomziw/nawaiduggar.com/wp-content/themes/goodnews5/framework/functions/momizat_functions.php on line 104
Warning: Trying to access array offset on null in /home/areomziw/nawaiduggar.com/wp-content/themes/goodnews5/framework/functions/posts_share.php on line 66
Warning: Trying to access array offset on null in /home/areomziw/nawaiduggar.com/wp-content/themes/goodnews5/framework/functions/posts_share.php on line 82







