
श्रीनगर , 7 July : श्री अमरनाथ जी की वार्षिक यात्रा सुचारु ढंग से जारी है। यात्रा के दौरान इमरजेंसी की स्थिति से निपटने की तैयारी को और अधिक बेहतर बनाने के लिए घाटी के मैकेनिकल और हास्पिटल इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट ने यात्रा के बीच सोनमर्ग में घाटी के एकमात्र ‘स्पाइडर एक्सकेवेटर’ को तैनात किया है।
यह विशेष मशीन खड़ी ढलानों, पथरीली जगहों और ऐसे मुश्किल इलाकों में काम कर सकती है जहां आम एक्सकेवेटर ठीक से काम नहीं कर पाते। इसे यात्रा के रास्ते पर किसी भी इमरजेंसी की स्थिति में तेज़ी से कार्रवाई करने के लिए सही जगह पर तैनात किया गया है।
इस तैनाती का मकसद भूस्खलन (लैंडस्लाइड) से निपटना, मलबा हटाना, खराब रास्तों को ठीक करना और तीर्थयात्रियों की आवाजाही को बिना रुकावट जारी रखना है, खासकर पवित्र गुफा मंदिर की ओर जाने वाले जोखिम भरे रास्तों पर।
संबंधित अधिकारियों ने बताया कि स्पाइडर एक्सकेवेटर को समय रहते सोनमर्ग भेजने का फैसला विभाग की पहले से की गई प्लानिंग और यात्रा को सुचारू और सुरक्षित ढंग से पूरा करने के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दिखाता है। इलाके के कठिन पहाड़ी रास्तों और मौसम के अनिश्चित हालात को देखते हुए, ऐसी विशेष मशीन की मौजूदगी से प्रशासन की इमरजेंसी से निपटने की क्षमता काफी मज़बूत होने की उम्मीद है।
प्रशासन की तैयारी ज़िम्मेदारी को दर्शाती है
मैकेनिकल और हास्पिटल इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट ने कहा कि समय पर तैनाती यह दिखाती है कि वे किसी भी ऐसी अनपेक्षित स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं जो तीर्थयात्रियों की आवाजाही पर असर डाल सकती है। अधिकारियों ने कहा, तैयारी ज़िम्मेदारी को दर्शाती है। उन्होंने यात्रा के मुख्य समय से पहले ही ज़रूरी इंतज़ाम करने के लिए मशीनरी डिवीज़न की कोशिशों की तारीफ़ की।
स्पाइडर एक्सकेवेटर, जो घाटी में अपनी तरह की एकमात्र मशीन है विशेष तौर पर खड़ी ढलानों और अस्थिर ज़मीन वाले मुश्किल इलाकों में काम करने के लिए बनाई गई है। इससे यह ऊंचे पहाड़ी इलाकों में इमरजेंसी के समय एक ज़रूरी मशीन बन जाती है। श्री अमरनाथ जी यात्रा कड़ी सुरक्षा और लाजिस्टिकल इंतज़ामों के बीच हो रही है।
सिविल प्रशासन, सुरक्षा बल, आपदा प्रबंधन एजेंसियां और अलग-अलग संबंधित विभाग मिलकर काम कर रहे हैं ताकि पवित्र गुफा मंदिर जाने वाले हज़ारों तीर्थयात्रियों की सुरक्षा, आराम और यात्रा सुचारू रूप से हो सके।







