
श्रीनगर, 3 July : वरिष्ठ कांग्रेस नेता और बांडीपोरा के विधायक निजामुद्दीन भट ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि बांडीपोरा के नाइदखाई इलाके में एक आधिकारिक समीक्षा बैठक के दौरान सोनावारी विधायक के भाई और उनके समर्थकों ने उन पर हमला किया। भट का आरोप है कि विकास कार्यों की जांच रोकने के लिए जानबूझकर बैठक में हंगामा किया गया।
घटना के बाद पत्रकारों से बात करते हुए भट ने कहा कि जलाल अकबर लोन और उनके समर्थक बैठक हॉल में जबरन घुस आए, तोड़फोड़ की और अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों को डराने की कोशिश की।
उन्होंने बताया कि वह खेल स्टेडियम सहित विभिन्न विकास परियोजनाओं के खर्च की समीक्षा के लिए बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे, तभी कुछ प्रतिभागियों ने चर्चा पर आपत्ति जताई और वॉकआउट कर गए। आरोप है कि बाद में वे लोग लोन और कई समर्थकों के साथ लौटे, हॉल में घुसकर दरवाजे और खिड़कियों के शीशे तोड़े और अफरा-तफरी मचा दी।
CM उमर रोकें गुंडागर्दी, वरना गठबंधन पर असर
भट ने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से मामले में व्यक्तिगत हस्तक्षेप की अपील करते हुए कहा कि इस घटना का कांग्रेस और नेशनल कॉन्फ्रेंस के गठबंधन पर असर पड़ेगा। उन्होंने कहा, ‘अगर मुख्यमंत्री और पार्टी ने कोई कार्रवाई नहीं की और अपने लोगों की गुंडागर्दी नहीं रोकी, तो गठबंधन पर इसका प्रभाव पड़ेगा।’
उन्होंने यह भी कहा कि सरकारी काम में बाधा डालना और जनप्रतिनिधि पर हमले का प्रयास एक स्पष्ट अपराध है और इस मामले में कार्रवाई चाहते हैं। भट ने आरोप लगाया कि यह हंगामा पिछले डेढ़ साल में ब्लॉक के लिए मंजूर फंड की समीक्षा रोकने के लिए किया गया।
उन्होंने बताया कि उन्होंने ग्रामीण विकास कार्यों के लिए आवंटित लगभग 2 करोड़ रुपये के इस्तेमाल का ब्योरा मांगा था। उनका यह भी आरोप है कि इस समूह द्वारा बनाए गए माहौल से प्रशासन का कामकाज प्रभावित हुआ है और कुछ अधिकारियों ने बार-बार हस्तक्षेप के कारण ब्लॉक से तबादले की मांग की है।

-1783075072208_v.webp)




