
जम्मू , 18 June : एसएसपी जम्मू जोगिंदर सिंह ने कहा है कि नशा तस्करी अब केवल कानून-व्यवस्था का मामला नहीं रह गया है, बल्कि इसके पीछे नार्को-टेररिज्म का खतरनाक नेटवर्क काम कर रहा है। सीमा पार बैठे तत्व सुनियोजित तरीके से युवाओं को पहले नशे की गिरफ्त में धकेल रहे हैं और फिर उन्हें आपराधिक व आतंकी गतिविधियों की ओर मोड़ने का प्रयास कर रहे हैं।
जम्मू में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान एसएसपी जम्मू ने कहा कि हाल ही में नशा तस्करी से जुड़े दो बड़े मामलों की जांच के दौरान अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क के संकेत मिले हैं। जम्मू पुलिस की एक टीम पंजाब भी गई थी और वहां हुए आपरेशन से जुड़े तथ्यों की जांच की गई। उन्होंने बताया कि इससे पहले कश्मीर से आए तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया था। उनके कब्जे से नशीले पदार्थों के अलावा हथियार भी बरामद किए गए थे।
अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क के तार सीमा पार से जुड़े
वहीं, कुख्यात तस्कर गुलजार अहमद उर्फ लऊ गुज्जर की गिरफ्तारी के बाद उसके नेटवर्क की जांच में यह स्पष्ट हुआ कि यह महज ड्रग तस्करी नहीं, बल्कि नार्को-टेररिज्म का संगठित नेटवर्क है। एसएसपी ने बताया कि पंजाब के अमृतसर से गिरफ्तार आरोपितों से ड्रग्स, नकदी और वाहनों के अलावा खतरनाक हथियार भी बरामद किए गए हैं। इनमें एक एके-47 राइफल, एक एके-56 राइफल, एक पिस्टल और बड़ी संख्या में कारतूस शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि यह बरामदगी बताती है कि दुश्मन देश किस प्रकार युवाओं को अपने जाल में फंसाकर उन्हें गलत रास्ते पर ले जाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि पहले युवाओं को नशे का आदी बनाया जाता है और बाद में उनमें से कुछ को हथियारों और अन्य खतरनाक गतिविधियों की ओर धकेलने का प्रयास किया जाता है। ऐसे में समाज को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस तक पहुंचाने की जरूरत है।
पंजाब से आती थी खेप, जम्मू-सांबा-कठुआ बने निशाना
एसएसपी जम्मू ने बताया कि पहले पंजाब निवासी मोहम्मद लतीफ को गिरफ्तार किया गया था, जो इस नेटवर्क में कूरियर का काम करता था। उसकी और अन्य आरोपितों की पूछताछ में खुलासा हुआ कि तीन लोग जम्मू-कश्मीर में नशे की बड़ी सप्लाई चेन संचालित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जम्मू, सांबा और कठुआ जिले इस नेटवर्क के मुख्य निशाने पर थे। कठुआ के कुछ इलाकों के अलावा सांबा के रख अंब टल्ली, रुक्खिया तथा जम्मू जिले के बिश्नाह और आरएस पुरा क्षेत्र को हॉटस्पॉट के रूप में चिन्हित किया गया है, जहां नशीले पदार्थों की आपूर्ति की जा रही थी।
नशा मुक्त जम्मू अभियान के तहत 280 मामले दर्ज
एसएसपी जोगिंदर सिंह ने बताया कि नशा मुक्त जम्मू अभियान अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है। इस दौरान पुलिस ने न केवल सप्लाई चेन को तोड़ने पर ध्यान दिया, बल्कि नशे की मांग को कम करने के लिए रणनीति में भी बदलाव किया है। उन्होंने बताया कि पहले जागरूकता कार्यक्रमों के जरिए नशे की मांग को कम करने का प्रयास किया जा रहा था, लेकिन अपेक्षित सफलता नहीं मिलने पर अब नशे का सेवन करने वालों और छोटे पैडलरों के खिलाफ भी कार्रवाई शुरू की गई है।
उन्होंने कहा कि अभियान के तहत अब तक 288 एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं, जबकि 16 जून तक एनडीपीएस एक्ट के तहत कुल 382 मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें करीब 140 मामले नशे का सेवन करने वालों और छोटे पैडलरों से जुड़े हैं। वहीं, अब तक करीब 20 ऐसे लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जो सप्लाई चेन का हिस्सा थे।
Warning: Trying to access array offset on false in /home/areomziw/nawaiduggar.com/wp-content/themes/goodnews5/framework/functions/momizat_functions.php on line 104
Warning: Trying to access array offset on null in /home/areomziw/nawaiduggar.com/wp-content/themes/goodnews5/framework/functions/posts_share.php on line 66
Warning: Trying to access array offset on null in /home/areomziw/nawaiduggar.com/wp-content/themes/goodnews5/framework/functions/posts_share.php on line 82







