
कठुआ , 10 June : जम्मू-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर कठुआ स्थित मग्गर खड्ड के निकट बुधवार तड़के एक भीषण आग लग गई। इस आग की चपेट में आकर कबाड़ का काम करने वाले लोगों की 20 झुग्गियां जलकर राख हो गईं। दर्जनों परिवारों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई, लेकिन वे अपना सामान नहीं बचा सके। आग इतनी भयंकर थी कि इसे काबू करने में दस घंटे लग गए।
सुबह 3 बजे लगी आग को दोपहर 12 बजे नियंत्रित किया गया। इसके लिए कठुआ दमकल स्टेशनों के अलावा हीरानगर से भी दमकल वाहनों को बुलाना पड़ा। आग लगने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। आग लगने से झुग्गियों के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल और साइकिल भी जलकर राख हो गईं।
सूत्रों के अनुसार, तीन लोगों ने मिलकर जहां कबाड़ डंप किया था, वहां प्लास्टिक के साथ-साथ पास की फैक्ट्रियों से लाए गए कुछ केमिकल भी मौजूद थे। इसी कारण आग तेजी से फैली और बेकाबू हो गई। कबाड़ डंप करने वाले सतपाल सिंह ने बताया कि तीन स्थानों पर कबाड़ जमा था, जिसमें से एक स्थान का सब कुछ जल गया। उनका और एक अन्य व्यक्ति का सामान कुछ हद तक बच गया है।


-1780566388485_m.webp)




