
जम्मू , 8 June : जम्मू शहर के सबसे व्यस्त और प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण अम्बफला-जानीपुर मार्ग पर रोजाना लगने वाले भीषण ट्रैफिक जाम से स्थानीय निवासियों और राहगीरों को जल्द ही बड़ी राहत मिलने वाली है।
जम्मू-कश्मीर लोक निर्माण विभाग ने शहर की इस गंभीर यातायात समस्या का स्थायी समाधान ढूंढते हुए अम्बफला चौक से लेकर रूप नगर टी-जंक्शन तक एक भव्य और आधुनिक फ्लाईओवर के निर्माण की महत्वाकांक्षी योजना तैयार की है। लगभग 378.40 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से बनने वाला यह फ्लाईओवर न केवल शहर की रफ्तार बढ़ाएगा, बल्कि नए जम्मू की बदलती तस्वीर का एक मुख्य स्तंभ भी बनेगा।
19 साल पुराना सपना होगा साकार
अम्बफला-जानीपुर मार्ग शहर के सबसे व्यस्ततम रूटों में से एक है, जहां पीक आवर्स में वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। इस समस्या को देखते हुए वर्ष 2007 में भी एक प्रस्ताव बनाया गया था। हालांकि, उस समय यह योजना ठंडे बस्ते में चली गई थी। लेकिन अब, एक बार फिर नए सिरे से और पुख्ता योजना के साथ इस प्रस्ताव को पुनर्जीवित किया गया है, जिससे दशकों पुरानी इस समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
राष्ट्रीय स्तर की कंपनियों को आमंत्रण
लोक निर्माण विभाग ने इस प्रोजेक्ट को धरातल पर उतारने के लिए कमर कस ली है। विभाग ने फ्लाईओवर की रूपरेखा और तकनीकी व्यवहार्यता तैयार करने के लिए राष्ट्रीय स्तर की नामी कंपनियों को कंसलटेंसी के लिए आमंत्रित किया है।
- शुरुआती रिपोर्ट तैयार: पीडब्ल्यूडी ने इस प्रोजेक्ट की एक प्रारंभिक प्रोजेक्ट रिपोर्ट पहले ही तैयार कर ली है।
- अगले कुछ महीनों में ब्लूप्रिंट: चुनी गई कंसलटेंसी कंपनी अगले कुछ महीनों में फ्लाईओवर की विस्तृत रूपरेखा और डिजाइन तैयार करेगी।
- विभिन्न पहलुओं पर जांच: कंपनी जमीन की उपलब्धता, पिलर की पोजीशन, ट्रैफिक का दबाव और यूटिलिटी शिफ्टिंग (बिजली के खंभे, पानी की पाइपलाइन) जैसे सभी महत्वपूर्ण पहलुओं पर बारीकी से गौर करेगी।
तैयार होगी डीपीआर, फिर मिलेगी अंतिम मंजूरी
कंसलटेंसी कंपनी द्वारा सभी तकनीकी पहलुओं की जांच के बाद एक विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जाएगी। इस डीपीआर को अंतिम वित्तीय और प्रशासनिक मंजूरी के लिए सरकार के पास भेजा जाएगा। सरकार से हरी झंडी मिलते ही फ्लाईओवर के निर्माण के लिए टेंडरिंग प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
प्रमुख बिंदू
- रूट: अम्बफला चौक से रूप नगर टी-जंक्शन तक बाया जानीपुर।
- अनुमानित लागत: 378.40 करोड़।
- वर्तमान स्थिति: पीडब्ल्यूडी द्वारा कंसलटेंसी कंपनियों के लिए टेंडर आमंत्रित।
- अगला कदम: डीपीआर तैयार कर सरकारी मंजूरी के लिए भेजना।
क्यों जरूरी है यह फ्लाईओवर?
इस मार्ग पर जम्मू हाईकोर्ट, कई महत्वपूर्ण सरकारी कार्यालय, प्रतिष्ठित स्कूल और घनी आबादी वाले आवासीय क्षेत्र स्थित हैं। सुबह दफ्तर और स्कूल के समय और शाम को छुट्टी के वक्त यहां वाहनों की कतारें मील लंबी हो जाती हैं। एम्बुलेंस और आपातकालीन वाहनों का इस जाम में फंसना रोज की बात हो गई है। यह फ्लाईओवर इस पूरे रूट के अवरोधकों को हमेशा के लिए खत्म कर देगा।
2007 में भी बना था प्रोजेक्ट
वर्ष 2007 में करीब 30 करोड़ रुपये की लागत वाले बीसी रोड-शकुंतला क्रासिंग-रिहाड़ी चुंगी-अम्बफला फ्लाईओवर प्रोजेक्ट मंजूर किया गया था ताकि न्यू प्लाट, जानीपुर और हाई कोर्ट रोड पर लगने वाले भारी ट्रैफिक जाम को खत्म किया जा सके। इस प्रोजेक्ट के लिए एडीबी फंडिंग करने को तैयार था। लेकिन राज्य सरकार जमीन अधिग्रहण के लिए 35 करोड़ का मुआवजा देने में आनाकानी करती रही।
करीब 6 साल के इंतजार के बाद, जुलाई 2013 में एडीबी ने इस प्रोजेक्ट को वापस ले लिया। तब इस प्रोजेक्ट के अधीन जिन 130 ढांचों को हटाया जाना था, उनमें से कई रसूखदार लोगों ने सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर रखा था। मुआवजा न मिलने और नुकसान के डर से एक मजबूत लाबी ने राजनीतिक गलियारों में अपनी सेटिंग कर इस प्रोजेक्ट को ठप करवा दिया।





