
जम्मू , 18 Mar : शहर में बढ़ते प्रदूषण और घटती हरियाली के बीच भगवती नगर क्षेत्र में विकसित किया जा रहा बॉटनिकल गार्डन पर्यावरण संतुलन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बनकर उभर रहा है। वेस्ट टू वंडर पार्क के पीछे बन रहे इस उद्यान का निर्माण राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (एन.सी.ए.पी.) के तहत जम्मू नगर निगम के प्रोजैक्ट डिवीजन द्वारा लगभग 1.5 करोड़ रुपए की लागत से किया जा रहा है।
करीब 33 कनाल क्षेत्र में विकसित हो रहे इस प्रोजैक्ट के प्रथम चरण का कार्य अक्तूबर 2025 में शुरू हुआ था और वर्तमान में लगभग 60 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। मौके पर फेंसिंग और मुख्य प्रवेश द्वार का कार्य प्रगति पर है, जबकि प्लंबिंग और विद्युत से जुड़े कार्य भी जारी हैं। इसके अलावा, भूमि समतलीकरण और घास लगाने का कार्य भी जल्द शुरू किया जाएगा।
जम्मू नगर निगम के प्रोजैक्ट डिवीजन के (एक्स.ई.एन.) लोकेश गुप्ता के अनुसार, बॉटनिकल गार्डन का विकास चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान कार्य जम्मू नगर निगम आयुक्त के दिशा-निर्देशों के तहत किया जा रहा है। पौधारोपण से जुड़े कुछ कार्य प्रथम चरण में किए जाएंगे, जबकि विशेष प्रजातियों के पौधों का रोपण दूसरे चरण में किया जाएगा, जिसमें जम्मू की जलवायु के अनुकूल पौधों को प्राथमिकता दी जाएगी।
परियोजना में जल निकायों का निर्माण, पुनर्चक्रित सामग्री का उपयोग और जॉगर्स पार्क से कनैक्टिविटी जैसी सुविधाएं भी शामिल की जा रही हैं, जिससे यह स्थल पर्यावरण के अनुकूल और लोगों के लिए आकर्षण का केन्द्र बनेगा।
विशेषज्ञों के अनुसार, ऐसे बॉटनिकल गार्डन शहरी क्षेत्रों में ‘ग्रीन लंग्स’ का कार्य करते हैं, जो वायु गुणवत्ता में सुधार, तापमान संतुलन बनाए रखने और लोगों को स्वच्छ व शांत वातावरण प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
परियोजना के पूर्ण होने के बाद भगवती नगर का यह बॉटनिकल गार्डन जम्मू शहर के लिए एक प्रमुख हरित केन्द्र के रूप में उभरेगा, जो पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ पर्यटन को भी नई दिशा देगा।
Warning: Trying to access array offset on false in /home/areomziw/nawaiduggar.com/wp-content/themes/goodnews5/framework/functions/momizat_functions.php on line 104
Warning: Trying to access array offset on null in /home/areomziw/nawaiduggar.com/wp-content/themes/goodnews5/framework/functions/posts_share.php on line 66
Warning: Trying to access array offset on null in /home/areomziw/nawaiduggar.com/wp-content/themes/goodnews5/framework/functions/posts_share.php on line 82







