
जम्मू , 28 Nov : जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास एक खेत से ड्रोन बरामद किया गया है। अधिकारियों ने शनिवार को इसकी जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार शाम को हीरानगर सेक्टर के जांगीचक गांव के एक खेत में यह ड्रोन देखा गया, जिसे बाद में सुरक्षा एजेंसियों ने जब्त कर लिया।
ड्रोन की फॉरेंसिक जांच से खुलेगा राज
अधिकारियों ने बताया कि ड्रोन को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह कहां से आया है, इसका मेक और मॉडल क्या है, इसकी तकनीकी विशेषताएं क्या हैं और क्या इसका इस्तेमाल सीमा पार की किसी गतिविधि के लिए किया गया था।
ड्रोन मिलने वाली जगह से कोई सामान नहीं मिला
उन्होंने कहा कि सुरक्षा एजेंसियां इस बात की भी जांच कर रही हैं कि यह ड्रोन किन परिस्थितियों में इस इलाके में पहुंचा। अधिकारियों ने बताया कि ड्रोन मिलने वाली जगह पर कोई आपत्तिजनक सामग्री या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
सीमा पार तस्करी के लिए ड्रोन का इस्तेमाल
सुरक्षा एजेंसियां पहले भी इस बात की ओर इशारा कर चुकी हैं कि पाकिस्तान स्थित आतंकी आका और उनके गुर्गे अंतरराष्ट्रीय सीमा के पार जम्मू-कश्मीर में नशीले पदार्थों, हथियारों और गोला-बारूद की तस्करी के लिए ड्रोन का इस्तेमाल करते हैं।






