
आरएसपुरा , 18 Aug : बडयाल ब्राह्मण क्षेत्र में बिजली विभाग के एक डेलीवेजर लाइनमैन की ड्यूटी के दौरान करंट की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल मंजूर अहमद को उपचार के लिए पहले आरएसपुरा अस्पताल लाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जीएमसी जम्मू रेफर किया गया। हालांकि, जीएमसी में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। 35 वर्षीय मंजूर अहमद अपने पीछे पत्नी और पांच बच्चों को छोड़ गए हैं।
जानकारी के अनुसार, मंजूर अहमद बिजली विभाग के कार्य से संबंधित ड्यूटी पर थे। इसी दौरान वह अचानक करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें उपचार के लिए आरएसपुरा अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया, लेकिन वहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे मंजूर
मंजूर अहमद की मौत की खबर फैलते ही बडयाल ब्राह्मण और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि मंजूर अहमद बेहद नेकदिल, मिलनसार और मददगार स्वभाव के व्यक्ति थे। बिजली संबंधी काम के लिए लोग उनसे संपर्क करते थे और वह सेवा भावना के साथ लोगों की मदद करते थे। उनकी अचानक हुई मौत ने परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र को गहरे सदमे में डाल दिया है। मंजूर अहमद की मौत से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
महज 35 वर्ष की उम्र में उनकी जिंदगी का इस तरह खत्म हो जाना परिवार के लिए किसी बड़े आघात से कम नहीं है। पांच छोटे बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि परिवार के सामने अब आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है।
ग्रामीणों की सरकार और बिजली विभाग से मांग
ग्रामीणों ने सरकार और बिजली विभाग से मांग की है कि मंजूर अहमद के परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए उन्हें तत्काल उचित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। इसके साथ ही परिवार के किसी एक सदस्य को सरकारी नौकरी प्रदान की जाए, ताकि पांच बच्चों की पढ़ाई-लिखाई और परिवार का भविष्य सुरक्षित हो सके। ग्रामीणों ने कहा कि विभाग में ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले कर्मचारी के परिवार को हरसंभव सहायता मिलनी चाहिए।

-1787058672372_v.webp)



