-1786601390086_v.webp)
जम्मू,13 Aug : जम्मू-कश्मीर के कुछ जिलों में आज बारिश का दौर जारी है। अभी के मौसम की बात करें तो बडगाम, पुंछ, राजौरी, शोपियां, कुलगाम, रियासी, उधमपुर और आस-पास के इलाकों, बनिहाल-रामबन और आस-पास के इलाकों, और मध्य व उत्तरी कश्मीर की कुछ जगहों पर बारिश हो रही है।
मौसम विभाग के अनुसार, बारिश और तूफान का दौर कई जगहों पर जारी रह सकता है। अगले 3-4 घंटों के दौरान पुंछ, राजौरी, बडगाम, गुलमर्ग और आस-पास के इलाकों, शोपियां, कुलगाम, अनंतनाग, गांदरबल के पहाड़ी इलाकों, रियासी, रामबन, उधमपुर, डोडा और आस-पास के इलाकों में कुछ समय के लिए तेज़ बारिश हो सकती है।
तेज़ बारिश की वजह से पहाड़ी इलाकों में अचानक बाढ़ और भूस्खलन की स्थिति बन सकती है। कुछ संवेदनशील इलाकों में पत्थर गिरने और भूस्खलन की ज़्यादा संभावना है।
पिछले 24 घंटों में पुंछ में 53 मिमी बारिश दर्ज
पिछले 24 घंटों में पुंछ में 53 मिमी, पुलवामा में 57.5 मिमी, अवंतीपोरा में 47.8 मिमी और राजौरी में 44 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार 13 से 15 अगस्त तक भी कई स्थानों पर बारिश की संभावना है। इस दौरान सुबह और दोपहर बाद कुछ क्षेत्रों में तेज बौछारें पड़ सकती हैं।
16 से 19 अगस्त के बीच कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ जिलों में भारी बारिश और तेज बौछारों के आसार हैं। 20 से 22 अगस्त के बीच कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
16 से 19 अगस्त तक सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने 16 से 19 अगस्त के दौरान जम्मू संभाग के कुछ जिलों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है। कश्मीर संभाग के एक-दो जिलों में भी तेज बौछारें पड़ सकती हैं।
फ्लैश फ्लड और भूस्खलन का खतरा
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अत्यधिक तेज बारिश से निचले इलाकों में अचानक बाढ़ तथा पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और मलबा गिरने की घटनाएं हो सकती हैं। लोगों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने और संवेदनशील क्षेत्रों में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
जम्मू और श्रीनगर में तापमान
बुधवार को जम्मू में 35.4 डिग्री तापमान, श्रीनगर में 31.7 डिग्री रिकार्ड किया गया, लेकिन गर्मी बेहाल करती रही। जम्मू-कश्मीर में बुधवार को मौसम में उतार-चढ़ाव के बीच जम्मू में अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, श्रीनगर में 31.7, कटड़ा में 33.0 और बनिहाल में 32.7 डिग्री तापमान रहा।
वहीं गुलमर्ग सबसे ठंडा रहा, जहां अधिकतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।पिछले 24 घंटों में जम्मू में 0.6 मिमी, कटड़ा में 1.6 मिमी और भद्रवाह में 2.1 मिमी बारिश दर्ज की गई। विभाग के आंकड़ों के अनुसार अधिकांश क्षेत्रों में दिन का तापमान सामान्य से ऊपर रहा।





