
बारामूला , 31 Jan : नॉर्थ कश्मीर के तंगमर्ग क्षेत्र में पहली बार 90 फीट लंबे राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के साथ ‘शान-ए-तिरंगा रैली’का भव्य आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक रैली का आयोजन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) कश्मीर द्वारा किया गया। रैली तंगमर्ग गेटवे से होकर गुजरी, जिसमें 90 फीट लंबे तिरंगे ने आम जनता का विशेष ध्यान आकर्षित किया। रैली का उद्देश्य देशभक्ति की भावना को प्रोत्साहित करना, राष्ट्रीय एकता को मजबूत करना तथा तिरंगे के प्रति सम्मान और गर्व की भावना को उजागर करना था।
इस अवसर पर स्थानीय छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। लगभग 40 स्थानीय छात्र-छात्राओं की भागीदारी ने रैली को और अधिक प्रभावशाली बना दिया। रैली के दौरान देशभक्ति के नारों और तिरंगे की शान ने पूरे क्षेत्र में देशप्रेम का माहौल पैदा कर दिया।
स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना को सशक्त करने की दिशा में एक सराहनीय कदम बताया है।







