बनिहाल/जम्मू , 22 Feb : जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग (Jammu Srinagar National Highway) पर भूस्खलन में एक निर्माण कंपनी के एक कर्मचारी की मौत हो गई। राष्ट्रीय राजमार्ग गुरुवार को लगातार चौथे दिन भी बंद रहा। अधिकारियों ने खुद इस बात की जानकारी दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि निर्माण श्रमिक की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी देशपॉल (31) के रूप में हुई है।
जो सुबह करीब 8.30 बजे रामबन जिले में सेरी के पास अपने कंपनी मुख्यालय के बाहर भूस्खलन (Jammu-Srinagar highway landslide) की चपेट में आ गया। उन्होंने बताया कि मृतक नाश्ते के लिए कंपनी के मेस की ओर जा रहा था तभी यह घटना घटी। उनके शव को बरामद कर लिया गया और पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल ले जाया गया।
यातायात विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि 270 किलोमीटर लंबा राजमार्ग, जो कश्मीर को देश के बाकी हिस्सों से हर मौसम में जोड़ने वाला एकमात्र मार्ग है, बनिहाल के पास किश्तवारी पाथेर में ताजा भूस्खलन के बाद चौथे दिन भी बंद रहा। उन्होंने कहा कि पुनर्स्थापना का काम प्रगति पर है और इसमें कुछ समय लगेगा।
रामबन और बनिहाल के बीच एक दर्जन से अधिक स्थानों पर भारी बारिश के कारण हुए कई भूस्खलन के बाद सोमवार को रणनीतिक राजमार्ग पर यातायात निलंबित कर दिया गया था। अधिकारियों ने कहा कि बुधवार को राजमार्ग को आंशिक रूप से एकतरफा यातायात के लिए साफ कर दिया गया था, लेकिन किश्तवारी पाथेर में ताजा भूस्खलन से सड़क फिर से अवरुद्ध हो गई।