
जम्मू , 23 Nov : केंद्रीय गृह मंत्रालय और लद्दाख के नेतृत्व के बीच राजनीतिक संवाद 15 दिसंबर के बाद फिर से शुरू होगा। लद्दाख के मुख्य सचिव आशीष कुंद्रा ने रविवार को संकेत दिया कि भविष्य में होने वाली बातचीत में लद्दाख स्वायत्त पर्वतीय विकास परिषदों के नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को भी शामिल किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचित प्रतिनिधियों को बातचीत में शामिल करने का मतलब लेह एपेक्स बाडी और कारगिल डेमोक्रेटिक अलायंस को दरकिनार करना या उनके साथ जारी बातचीत को समाप्त करना नहीं है।
चुनाव के चलते अस्थायी रूप से रुकी थी बातचीत
लेह में पत्रकार वार्ता में मुख्य सचिव आशीष कुंद्रा ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया और आदर्श आचार संहिता के चलते राजनीतिक बातचीत अस्थायी रूप से रुकी हुई थी, लेकिन केंद्र सरकार चुनाव समाप्त होते ही संवाद प्रक्रिया दोबारा शुरू करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने लेह एपेक्स बाडी के अध्यक्ष चेरिंग दोरजे लाक्रुक से दो बार व्यक्तिगत रूप से बातचीत की है। उन्हें आश्वासन दिया है कि चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद गृह मंत्रालय बातचीत फिर शुरू करेगा।
लोसार उत्सव के बाद 15 दिसंबर के बाद हो सकती है अगली बैठक
कुंद्रा ने कहा कि लोसार उत्सव को ध्यान में रख अगली बैठक 15 दिसंबर के बाद किए जाने की संभावना है। गृह मंत्रालय लद्दाख के लिए व्यापक संस्थागत ढांचे अथवा प्रदेश स्तर की संस्था के गठन को लेकर राजनीतिक संवाद की प्रक्रिया आगे बढ़ाएगा। लद्दाख के लिए केंद्र शासित प्रदेश स्तर की निर्वाचित संस्था का गठन चर्चा के प्रमुख मुद्दों में शामिल है।
इस संस्था में सीधे निर्वाचित प्रतिनिधि हो सकते हैं। इसके निर्वाचन क्षेत्रों का नए सिरे से परिसीमन किया जा सकता है।
सोनम वांगचुक से चुनाव प्रक्रिया में हिस्सा लेने और मतदान की अपील
कुंद्रा ने कहा कि प्रस्तावित यूटी-स्तरीय संस्था और आठ जिला परिषदों के बीच शक्तियों का बंटवारा बातचीत के माध्यम से तय किया जाएगा। किसी भी समाधान तक पहुंचने के लिए सहमति, विश्वास और सकारात्मक बातचीत जरूरी है। बातचीत के रास्ते कभी बंद नहीं होने चाहिए और किसी भी प्रस्ताव को पूरी तरह खारिज करने के बजाय उस पर विचार किया जाना चाहिए।
कोई भी पक्ष अपनी सभी मांगों पर अड़े नहीं रह सकता। एक व्यावहारिक समाधान के लिए सभी पक्षों को एक-दूसरे की चिंताओं और मांगों को समझते हुए तालमेल बनाना होगा।
मुख्य सचिव ने सभी नेताओं से सार्वजनिक बयान देते समय जिम्मेदारी बरतने और बातचीत की प्रक्रिया को लेकर भ्रम पैदा करने से बचने की अपील की। उन्होंने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से भी चुनाव प्रक्रिया में भाग लेने और मताधिकार का इस्तेमाल करने की अपील की।





