
कटड़ा, 21 Nov : मौसम में पल-पल हो रहे बदलाव के बावजूद मां वैष्णो देवी की यात्रा पूरी तरह सुचारू रूप से जारी है। शनिवार को दिनभर मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिले। दोपहर तक आसमान पर हल्के बादलों का जमघट बना रहा और लगातार ठंडी हवाएं चलती रहीं। हालांकि, दोपहर बाद मौसम में सुधार हुआ और आसमान साफ होने के साथ धूप खिल गई। इसके बावजूद सर्दी का असर लगातार महसूस किया जाता रहा। श्रद्धालु ठंड से बचाव के लिए अपने साथ आवश्यकतानुसार गर्म कपड़े लेकर यात्रा कर रहे हैं।
मौसम में बदलाव के बीच भी श्रद्धालुओं के उत्साह और मां के प्रति अटूट आस्था में कोई कमी देखने को नहीं मिल रही है। देश के विभिन्न राज्यों से पहुंच रहे श्रद्धालु पूरे जोश और श्रद्धाभाव के साथ मां के जयकारे लगाते हुए भवन की ओर बढ़ रहे हैं।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए यात्रा मार्ग पर कड़ी निगरानी
श्रद्धालुओं की यात्रा को सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड प्रशासन, पुलिस विभाग, सीआरपीएफ तथा आपदा प्रबंधन दल के अधिकारी और जवान लगातार निगरानी बनाए हुए हैं। यात्रा मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर तैनात सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन कर्मी श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ उन्हें आवश्यक सहयोग भी उपलब्ध करवा रहे हैं।





