
New Delhi , 19 Nov : दुनिया के कई इलाकों में युद्ध और तनाव का माहौल है. इसका असर अब सिर्फ उन देशों तक सीमित नहीं है, जहां संघर्ष चल रहा है. दूसरे देश भी इससे प्रभावित हो रहे हैं. चीन में इस समय दुनिया की तीन महाशक्तियां-चीन, अमेरिका और रूस के राष्ट्राध्यक्ष मीटिंग कर रहे हैं. ऐसे हालात में भारत और जापान ने अपनी दोस्ती और साझेदारी को और मजबूत करने पर जोर दिया है.
टोक्यो में चौथे भारत-जापान 2+2 संवाद के बाद विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने कहा कि आज दुनिया कई बड़ी चुनौतियों से गुजर रही है. दो बड़े संघर्ष जारी हैं. इनका असर दूर-दराज के इलाकों तक पहुंच रहा है. वहीं, आर्थिक अस्थिरता और कोविड महामारी के बाद पैदा हुई मुश्किलों ने भी कई चिंताएं बढ़ा दी हैं.
जयशंकर ने कहा कि ऊर्जा, व्यापार, खाने-पीने की चीजों और स्वास्थ्य से जुड़ी सुरक्षा अब बड़ी चिंता बन गई है. ऐसे समय में भारत और जापान जैसे भरोसेमंद देशों की साझेदारी और भी जरूरी हो जाती है.
इंडो-पैसिफिक को लेकर दोनों देश साथ
विदेश मंत्री ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र यानी इंडो-पैसिफिक की स्थिति पर भी बात की. उन्होंने कहा कि इस इलाके में रणनीतिक चुनौतियां बढ़ रही हैं. भारत और जापान दोनों चाहते हैं कि यह क्षेत्र आजाद और खुला रहे.
जयशंकर ने कहा कि इस कोशिश में क्वाड के दूसरे देश भी भारत और जापान के साथ हैं. मौजूदा हालात में पुरानी सोच और पुरानी रणनीतियां शायद अब काफी न हों. दुनिया के सामने जिस तरह की चुनौतियां हैं, उनसे निपटने के लिए सभी देशों को पहले से ज्यादा योगदान देना होगा.
मिलकर काम करने की जरूरत पर जोर
जयशंकर ने कहा कि दुनिया की बेहतरी के लिए अलग-अलग स्तर पर काम करना होगा. इसके लिए देश अपने स्तर पर पहल कर सकते हैं. दो देश आपस में मिलकर काम कर सकते हैं. इसके अलावा एक जैसी सोच रखने वाले देशों के साथ मिलकर भी कई कदम उठाए जा सकते हैं.
टोक्यो में हुई चौथे भारत-जापान 2+2 बातचीत को जयशंकर ने सार्थक बताया. इस बैठक में दोनों देशों के विदेश और रक्षा मंत्री शामिल हुए. मौजूदा वैश्विक हालात में इस बातचीत को भारत और जापान के रिश्तों के लिहाज से अहम माना जा रहा है.







