
श्रीनगर , 17 Nov : किश्तवाड़ में दो विशेष पुलिस अधिकारियों (एसपीओ) की हत्या के बाद शुरू हुई राजनीतिक बयानबाजी अब श्रीनगर की सड़कों तक पहुंच गई है। भाजपा विधायक शगुन परिहार के कथित बयान और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष तारिक हमीद करा की बात को जनता के सामने गलत ढंग से पेश करने को लेकर मंगलवार को कांग्रेस ने श्रीनगर में विरोध प्रदर्शन किया। हालांकि, लाल चौक घंटाघर तक पहुंचकर विरोध दर्ज कराने की पार्टी की कोशिश पुलिस की मौजूदगी के चलते पार्टी मुख्यालय के भीतर ही थम गई। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस जवानों के बीच काफी देर तक धक्का-मुक्की भी होती रही।
कार्यकर्ताओं ने बाहर निकलने की कोशिश की तो पुलिस ने उन्हें रोक दिया। देखते ही देखते वहां तनावपूर्ण स्थिति बन गई और दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। काफी देर तक चले इस घटनाक्रम के बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ता अपना विरोध दर्ज कराने पर अड़े रहे।
शगुन परिहार के बयान पर कांग्रेस का पलटवार
दरअसल, भाजपा विधायक शगुन परिहार ने कथित तौर पर आरोप लगाया था कि अल्पसंख्यकों की हत्या से पहले स्थानीय मस्जिदों से घोषणाएं की गई थीं। इस बयान पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष तारिक हमीद करा ने कड़ी आपत्ति जताते हुए परिहार से इस्तीफे की मांग की थी।
करा ने इसी के साथ कहा था कि दोनों पुलिसकर्मी हथियारों के साथ शिकार पर गए थे। लौटते समय वे सादे कपड़ों में थे और संभव है कि सेना के जवानों ने उन्हें आतंकवादी समझकर गोली चला दी हो।
उन्होंने इसे गलत पहचान का मामला बताते हुए हत्या के सभी पहलुओं, आतंकी हमले की आशंका सहित अन्य पहलुओं को ध्यान में रख निष्पक्ष जांच की मांग की थी।
कांग्रेस ने भाजपा पर लगाया सौहार्द बिगाड़ने का आरोप
प्रदर्शन के बाद पत्रकारों से बातचीत में डॉ. आदिल मीर ने भाजपा पर जम्मू-कश्मीर के आपसी सौहार्द को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि संवेदनशील घटनाओं को धार्मिक रंग देना किसी भी तरह उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा राजनीतिक लाभ के लिए करा के बयान को तोड़-मरोड़कर पेश कर रही है, जबकि कांग्रेस की मांग केवल सच्चाई सामने लाने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की है।
मीर ने करा के रुख का समर्थन करते हुए कहा कि किश्तवाड़ की घटना के सभी पहलुओं की जांच होनी चाहिए, ताकि वास्तविक परिस्थितियां सामने आ सकें। उन्होंने शगुन परिहार के कथित बयान को गंभीर बताते हुए उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग भी दोहराई।
इस पूरे विवाद ने किश्तवाड़ की घटना को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच टकराव को और तेज कर दिया है। अब श्रीनगर में कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन ने इस राजनीतिक संघर्ष को घाटी तक पहुंचा दिया है।






