
जम्मू, 17 Nov : ऐतिहासिक बाबा जित्तो की पवित्र भूमि झिड़ी में 23 नवंबर शुरू होने वाले वार्षिक झिड़ी मेले को लेकर तैयारियों जोरशोर से जारी हैं। सोमवार को झिड़ी व बाबा तालाब में मंडलायुक्त जम्मू विकास कुंडल ने डीसी मिंगा शेरपा और मढ़ से विधायक सुरिंद्र कुमार की मौजूदगी में स्वच्छता अभियान का आगाज किया। मेले से पूर्व पूरे इलाके में साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अभियान में प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों, स्थानीय निवासियों, विद्यार्थियों और विभिन्न संस्थानों के स्टाफ सदस्यों ने भाग लेकर मेला स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने का संदेश दिया।
विकास कुंडल ने स्पष्ट किया कि मेले में लगाए जाने वाले सभी झूलों का अनिवार्य सुरक्षा निरीक्षण किया जाए और आवश्यक सुरक्षा प्रमाणपत्र मिलने के बाद ही उन्हें संचालित करने की अनुमति दी जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले के शुरू होने से पहले सभी तैयारियां समय पर पूरी की जाएं और श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुरक्षा, सुविधा तथा स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
मेले की तैयारियों का जायजा लेने झिड़ी पहुंचे डिवीजनल कमिश्नर
मेले की तैयारियों का जायजा लेने के लिए विकास कुंडल झिड़ी पहुंचे थे और इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों की ओर से की जा रही व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर मेले के सफल एवं सुचारू आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।





