
कटड़ा। मौसम सामान्य होने के साथ ही श्री माता वैष्णो देवी की यात्रा सुचारू रूप से जारी है। मौसम साफ रहने और दिनभर धूप खिलने से श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है। श्रद्धालु पूरे उत्साह और श्रद्धाभाव के साथ मां के जयकारे लगाते हुए परिवार और मित्रों सहित भवन की ओर रवाना हो रहे हैं। शुक्रवार को भी कटड़ा से लेकर मां के भवन तक यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही।
शुक्रवार को दिनभर मौसम सामान्य रहा। हालांकि, मौसम में बदलाव के चलते ठंडी हवाएं चलती रहीं, लेकिन इसका श्रद्धालुओं के उत्साह पर कोई असर नहीं पड़ा। कटड़ा पहुंचने के बाद श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर मां के दर्शन के लिए रवाना होते रहे।
नवरात्र के बाद यात्रा में आई गिरावट
पवित्र शारदीय नवरात्र संपन्न होने के बाद मां वैष्णो देवी की यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या में कमी दर्ज की गई है। नवरात्र के दौरान प्रतिदिन करीब 45 हजार से 50 हजार श्रद्धालु मां के दर्शन के लिए कटड़ा पहुंच रहे थे, जबकि अब यह संख्या घटकर लगभग 22 हजार से 28 हजार के बीच रह गई है।






