
दिल्ली , 5 Oct : दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान पैरामिलिट्री जवान पर चाकू से हमला किए जाने की खबर सामने आई है. घटना के बाद दिल्ली पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
दरअसल जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन चल रहा था. प्रदर्शनकारियों की मांग मतदाता सूची के स्पेशल इंटेंसिव रिविजन (SIR) को लेकर उठ रहे सवालों से जुड़ी है. इसी दौरान अज्ञात लोगों ने CISF जवान विक्रम कुमार पर चाकू से हमला कर दिया.
वीडियो हो रहा वायरल
पैरामिलिट्री जवान पर चाकू से हमले से जुड़ा एक इससे जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है. जिसमें जवान अपने शरीर पर लगे घाव को दिखा रहा है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि जवान के दायें हाथ पर चाकू से हमले की वजह से कट लग गया है.
बता दें कि, रविवार को भी प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच गहमागहमी जैसी स्थिति बन गई थी. प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड तोड़ने का प्रयास किया जिसे सुरक्षा बलों ने रोकने की कोशिश की. इस दौरान दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई थी. पुलिस के मुताबिक इस दौरान करीब 110 लोगों को हिरासत में लिया गया, जबकि दिल्ली पुलिस के करीब 15 जवान घायल हुए.
शुक्रवार को 1000 प्रदर्शनकारी हिरासत में लिए गए
इससे पहले शुक्रवार को जंतर मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान करीब 1000 से ज्यादा प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया था.
इस प्रदर्शन को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके ने कहा था कि अगर मुख्य चुनाव आयुक्त इस्तीफा नहीं देते हैं तो सीजेपी 10 अक्टूबर से जंतर मंतर पर प्रदर्शन करेगी.







