
कटड़ा , 2 Sep : सुहावने मौसम के बीच श्रद्धालुओं की मां वैष्णो देवी यात्रा पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ लगातार जारी है। हालांकि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बीच-बीच में हल्की बारिश का सामना भी करना पड़ रहा है, लेकिन इससे उनके उत्साह पर कोई असर नहीं पड़ रहा। श्रद्धालु परिवार और मित्रों के साथ जयकारे लगाते हुए भवन की ओर बढ़ रहे हैं।
बीती मंगलवार देर रात हुई झमाझम बारिश के चलते श्रद्धालुओं को कुछ समय के लिए यात्रा मार्ग पर बनाए गए आश्रय स्थलों में रुककर मौसम साफ होने का इंतजार करना पड़ा।
वहीं, श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड प्रशासन ने महत्वपूर्ण बैटरी कार मार्ग को देर रात अस्थायी रूप से बंद कर दिया था। बारिश के कारण मार्ग के कुछ स्थानों पर कंकर-पत्थर और मलबा एकत्रित हो गया था।
सुरक्षा जांच के बाद फिर खुला बैटरी कार मार्ग
श्राइन बोर्ड प्रशासन द्वारा मार्ग की पूरी तरह से साफ-सफाई और सुरक्षा जांच के बाद बुधवार सुबह करीब छह बजे बैटरी कार मार्ग को श्रद्धालुओं के लिए दोबारा खोल दिया गया। हालांकि, इस दौरान मां वैष्णो देवी के पारंपरिक मार्ग से यात्रा लगातार जारी रही। बैटरी कार मार्ग खुलने के बाद श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली और बैटरी कार सेवा भी सुचारू कर दी गई।
वहीं, आधार शिविर कटड़ा से भवन के लिए चलने वाली हेलीकॉप्टर सेवा भी दिन के अधिकांश समय प्रभावित रही। मां वैष्णो देवी के त्रिकूट पर्वत पर दिनभर बादलों का जमघट लगा रहा और ठंडी हवाएं चलती रहीं, जिसके कारण हेलीकॉप्टर सेवा को मौसम के अनुसार संचालित किया गया।
यात्रा मार्ग पर तैनात रहे जवान
श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित और सुविधाजनक बनी रहे, इसके लिए यात्रा मार्ग पर आपदा प्रबंधन दल, श्राइन बोर्ड प्रशासन, पुलिस विभाग और सीआरपीएफ के अधिकारी व जवान लगातार तैनात रहे। इसके अलावा सफाई कर्मचारी भी यात्रा मार्ग की साफ-सफाई में जुटे रहे।
फिलहाल मां वैष्णो देवी के सभी प्रमुख यात्रा मार्ग श्रद्धालुओं के लिए सुचारू हैं। बुधवार को दोपहर तीन बजे तक करीब 10 हजार श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर भवन की ओर रवाना हो चुके थे, जबकि श्रद्धालुओं का आगमन लगातार जारी था।
Warning: Trying to access array offset on false in /home/areomziw/nawaiduggar.com/wp-content/themes/goodnews5/framework/functions/momizat_functions.php on line 104
Warning: Trying to access array offset on null in /home/areomziw/nawaiduggar.com/wp-content/themes/goodnews5/framework/functions/posts_share.php on line 66
Warning: Trying to access array offset on null in /home/areomziw/nawaiduggar.com/wp-content/themes/goodnews5/framework/functions/posts_share.php on line 82





