
श्रीनगर, 29 July : जम्मू-कश्मीर सरकार ने धार्मिक एवं विरासत स्थलों के संरक्षण और विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए पुलवामा जिले के शादीमार्ग के यारवन स्थित पवित्र खू साहिब चश्मे के विकास के लिए 6.38 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी दी है।
इस परियोजना के तहत तीर्थस्थल पर आवश्यक आधारभूत ढांचे का विकास किया जाएगा तथा श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। साथ ही, इस पवित्र स्थल के धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व को सुरक्षित रखने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
सरकार का मानना है कि इस पहल से तीर्थयात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और दक्षिण कश्मीर के प्रमुख आध्यात्मिक स्थलों में शामिल खू साहिब के संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
खू साहिब चश्मे को मिलेगा नया आध्यात्मिक स्वरूप
सरकार का कहना है कि यह मंजूरी जम्मू-कश्मीर की समृद्ध धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों के संरक्षण, जीर्णोद्धार और विकास के लिए सरकार लगातार निवेश कर रही है।
आपको बता दें कि इससे पहले सरकार ने 16.36 करोड़ रुपये की लागत वाली दो प्रमुख विरासत संरक्षण परियोजनाओं को भी मंजूरी दी थी। इनमें शोपियां की ऐतिहासिक जामिया मस्जिद शरीफ के पुनरुद्धार एवं संरक्षण तथा रामबन स्थित श्रद्धेय सर्वधार चामुंडा माता मंदिर के जीर्णोद्धार की परियोजनाएं शामिल हैं।

-1785328238533_v.webp)




