
श्रीनगर , 10 July : श्री अमरनाथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है।
शुक्रवार को बालटाल बेस कैंप पहुंचे उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने साफ शब्दों में कहा कि बाबा बर्फानी के भक्तों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है और यात्रा के हर चरण को पूरी तरह सुरक्षित, सुगम और बाधारहित बनाया जाए। उन्होंने फर्जी पंजीकरण और श्रद्धालुओं से अधिक वसूली करने वालों के खिलाफ बिना किसी अपवाद के तत्काल कानूनी कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
बेस कैंप अस्पताल, ऑन-द-स्पॉट पंजीकरण केंद्र, टेंट, पेयजल और अन्य सुविधाओं का निरीक्षण करने के बाद उपराज्यपाल ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि श्राइन बोर्ड, प्रशासन, पुलिस, सेना और सभी विभागों के बीच बेहतर तालमेल ही यात्रा की सफलता की कुंजी है।
श्रद्धालुओं का विश्वास हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी
उपराज्यपाल ने कहा कि पंजीकरण से लेकर आवास, यात्रा मार्ग, स्वास्थ्य सेवाओं और बाबा बर्फानी के दर्शन तक हर व्यवस्था ऐसी हो कि किसी श्रद्धालु को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि सभी विभाग मिलकर यात्रा को सुरक्षित और यादगार बनाने में जुटे हैं।
मनोज सिन्हा ने कहा कि श्री अमरनाथ यात्रा केवल आस्था का पर्व नहीं है, बल्कि जम्मू-कश्मीर की अर्थव्यवस्था को भी नई मजबूती दे रही है। बढ़ती यात्री संख्या से स्थानीय व्यापारियों, होटल संचालकों, टट्टू मालिकों, पालकी सेवा प्रदाताओं और अन्य छोटे कारोबारियों की आय में वृद्धि हुई है।
उन्होंने सफाई कर्मचारियों, चिकित्सकों, लंगर सेवा में जुटे स्वयंसेवकों और अन्य सेवा प्रदाताओं के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि इन्हीं लोगों की निस्वार्थ सेवा यात्रा की असली ताकत है।
स्वच्छता और पेयजल पर विशेष फोकस
उपराज्यपाल ने यात्रा मार्ग की स्वच्छता व्यवस्था का व्यापक ऑडिट कराने के निर्देश दिए। साथ ही 24 घंटे निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराने और यात्रा मार्ग पर लगाए गए आरओ वाटर प्वाइंट्स की संख्या बढ़ाने की समीक्षा भी की। अधिकारियों ने बताया कि श्रद्धालुओं की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए प्रभावी फीडबैक सिस्टम लागू किया गया है।
100 बेड के अस्पताल निभा रहे अहम भूमिका
बालटाल और चंदनवाड़ी में स्थापित 100-100 बेड वाले अस्पताल पूरी क्षमता के साथ संचालित हो रहे हैं। यहां प्रतिदिन औसतन 1300 से 1400 ओपीडी मरीजों का इलाज किया जा रहा है। ये अस्पताल श्रद्धालुओं के साथ-साथ यात्रा ड्यूटी में तैनात कर्मियों को भी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रहे हैं।
देशभर के श्रद्धालुओं से की अपील
उपराज्यपाल ने कहा कि प्रशासन और श्राइन बोर्ड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करना प्रत्येक श्रद्धालु की जिम्मेदारी है। किसी भी तरह की असुविधा होने पर निकटतम कैंप निदेशक या सुरक्षा कर्मियों से संपर्क करें, तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने देशभर के श्रद्धालुओं से बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए आने का आह्वान करते हुए कहा कि यह यात्रा आध्यात्मिक अनुभूति के साथ आत्मबोध का भी अवसर है।
एक नजर में
- आठवें दिन तक 1.70 लाख श्रद्धालुओं ने किए बाबा बर्फानी के दर्शन।
- बालटाल और चंदनवाड़ी के 100-100 बेड वाले अस्पताल पूरी क्षमता से संचालित।
- प्रतिदिन 1300-1400 ओपीडी मरीजों का हो रहा उपचार।
- यात्रा मार्ग पर बढ़ाए गए आरओ वाटर प्वाइंट्स, 24 घंटे पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश।
- फर्जी पंजीकरण और अधिक वसूली करने वालों पर तत्काल एफआईआर दर्ज करने के आदेश।







