-1782994094815_v.webp)
जम्मू , 2 July : सूर्यपुत्री तवी किनारे स्थित भगवती नगर में गुरूवार की तड़के बम -बम बोले, हर-हर महादेव, जय-बाबा बर्फानी के जयघोष के साथ पूरा वातावरण शिवमय हो गया। देश विदेश से आए श्रद्धालुओं के बीच अपने अपने वाहनों में पहले सवार होने की होड़ मची थी ताकि शीघ्रताशीघ्र वह यहां से निकलें और श्री अमरेश्वर धाम के प्रमुख आधार शिविर बालटाल/पहलगाम पहुंचे ताकि शुक्रवार की सुबह वहां से आगे जाने में कोई समस्या न हो और पवित्र गुफा में हिमलिंग स्वरूप में विराजमान भगवान शिव के दर्शन करें।
इन अधीर हुए श्रद्धालुओं के पहले जत्थे को उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने झंडी दिखाकर रवाना किया और इसके साथ ही करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के महापर्व श्री अमरनाथ जी यात्रा का गुरुवार को विधिवत शुभारंभ हो गया।
उल्लेखनीय है कि दक्षिण कश्मीर में समुद्रतल से लगभग 3888 मीटर की ऊंचाई पर वह पवित्र गुफा स्थित है, जहां भगवान शिव ने मां पार्वती को अमरत्व की कथा सुनाई थी।इसलिए इसे श्री अमरेश्वर धाम पुकारा जाता है। आमजन इसे श्री अमरनाथ जी की पवित्र गुफा के नाम से भी संबोधित करता है।





