
श्रीनगर, 16 June : 3 जुलाई से शुरू होेने वाली 57 दिवसीय अवधि वाली श्री अमरनाथ जी की वार्षिक तीर्थयात्रा के सुचारू आयोजन के लिए समूची घाटी में तैयारियां युद्धस्तर पर जारी है और दोनों यात्रा मार्गों अनंतनाग(पहलगाम) व गांदरबल(बालटाल) में भोले के भक्तों के लिए सुरक्षा से लेकर रहने,ठहरने तथा खानपान के लिए व्यापक प्रबंध किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में अनंतनाग पुलिस ने इस यात्रा को सुरक्षित संपन्न कराने के लिए पूरे ज़िले में सुरक्षा और इलाके पर नियंत्रण की कवायद तेज़ कर दी है। टीमें खन्नाबल से पहलगाम तक पूरे यात्रा मार्ग पर बड़े पैमाने पर जांच कर रही हैं, जिसमें अहम जगहों, ट्रांज़िट पाइंट, ठहरने की जगहों, पार्किंग एरिया और अन्य संवेदनशील जगहों पर खास ध्यान दिया जा रहा है।






