
Business Desk , 4 April : सोने और चांदी की कीमतों में पिछले कुछ समय से जो उठापटक चल रही है, उसने आम आदमी से लेकर बड़े निवेशकों तक की धड़कनें बढ़ा दी हैं. बीते हफ्ते की बात करें तो बाजार में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला, लेकिन हफ्ते के अंत में दोनों ही कीमती धातुओं ने अपनी बढ़त बनाए रखी. MCX पर 24 कैरेट सोना 1,49,650 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ, वहीं चांदी भी 2,32,600 रुपये प्रति किलो के स्तर पर आ गई.
रिकॉर्ड हाई से अब भी काफी ‘सस्ता’ है सोना-चांदी
भले ही पिछले हफ्ते कीमतों में उछाल आया हो, लेकिन अगर हम इनकी तुलना इनके ‘ऑल टाइम हाई’ यानी अब तक के सबसे ऊंचे स्तर से करें, तो ये अभी भी काफी टूट चुके हैं. इसे आप एक तरह से कीमतों का ‘क्रैश’ भी कह सकते हैं. चांदी की बात करें तो यह अपने रिकॉर्ड हाई से करीब 2 लाख रुपये प्रति किलो से ज्यादा सस्ती मिल रही है. वहीं, सोना भी अपने उच्चतम स्तर से लगभग 53 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम नीचे आ चुका है.
याद दिला दें कि इसी साल जनवरी में चांदी ने इतिहास रचते हुए पहली बार 4 लाख रुपये का आंकड़ा पार किया था और 4,39,337 रुपये के स्तर को छू लिया था. लेकिन उसके बाद से चांदी उस ऊंचाई को दोबारा नहीं छू पाई है. सोने का हाल भी कुछ ऐसा ही है; जनवरी में गोल्ड रेट रॉकेट की रफ्तार से भागते हुए 2,02,984 रुपये तक जा पहुंचा था, जो अब घटकर 1.50 लाख के नीचे बना हुआ है.
बीते हफ्ते कितनी आई तेजी?
अगर सिर्फ पिछले एक हफ्ते के बदलाव पर नजर डालें, तो MCX पर सोना करीब 2,395 रुपये प्रति 10 ग्राम महंगा हुआ है. चांदी में भी जबरदस्त तेजी रही और यह हफ्ते भर में 4,646 रुपये प्रति किलो चढ़कर बंद हुई. घरेलू सराफा बाजार (IBJA) की बात करें तो वहां भी यही ट्रेंड दिखा. महज तीन दिनों के कारोबार में सोना 3,666 रुपये और चांदी 6,166 रुपये महंगी हो गई.
खरीदने से पहले यह गणित समझ लें
अगर आप इन दिनों ज्वेलरी खरीदने का मन बना रहे हैं, तो एक बात का ध्यान जरूर रखें. जो रेट आप न्यूज़ या वेबसाइट्स पर देखते हैं, वो बेस प्राइस होते हैं. जब आप दुकान पर गहने खरीदने जाते हैं, तो उस पर 3 फीसदी GST और ज्वेलर्स के अपने मेकिंग चार्ज जुड़ते हैं.
अलग-अलग शहरों और शोरूम्स में ये मेकिंग चार्ज अलग हो सकते हैं, जिससे आपके फाइनल बिल की रकम बढ़ जाती है. फिलहाल बाजार की जो स्थिति है, उसे देखते हुए एक्सपर्ट्स का मानना है कि लॉन्ग टर्म निवेश के लिए यह गिरावट एक अच्छा मौका हो सकती है.







