
जम्मू , 25 Mar : जम्मू-कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश में ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन को रोकने के लिए ट्रैफिक पुलिस को अब एक नया आधुनिक उपकरण मिल गया है। इस स्पीड मीटर की मदद से पुलिस अब दूर से ही किसी भी वाहन की रफ्तार माप सकती है और तेज गति से चल रहे वाहन चालकों को तुरंत पकड़ सकती है। आज यह नया उपकरण नगरोटा बाईपास से सिद्रा हाईवे पर लगाया गया। मौके पर स्पीड में गाड़ी चलाने वाले कई वाहन चालकों को डिटेक्ट किया गया। कुछ चालकों को समझाया गया तो कुछ का चालान काटा गया।
इस मौके पर जम्मू शहर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अमित भासिन और ट्रैफिक पुलिस के DSP ने भी मौके पर मौजूद रहकर वाहन चालकों को नियमों के पालन के महत्व के बारे में जानकारी दी।
SSP जम्मू अमित भासिन ने कहा कि सभी वाहन चालकों को ट्रैफिक नियमों का पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि वाहन चालक हेल्मेट पहनें, स्पीड लिमिट का ध्यान रखें और वाहनों को अधिक लोड न करें।
पुलिस अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि अब तेज रफ्तार वाहन चालकों के लिए बचना मुश्किल होगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।






