
बारामूला , 18 Mar : प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गुलमर्ग में आज हल्की ताज़ा बर्फबारी का सिलसिला शुरू हो गया है, जिससे पूरे इलाके में ठंड का असर बढ़ गया है। सुबह के समय आसमान में बादल छाए रहने के बाद धीरे-धीरे बर्फ गिरनी शुरू हुई, जिसने वादियों को एक बार फिर सफेद चादर में ढंकना शुरू कर दिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, मार्च के महीने में इस तरह की बर्फबारी मौसम में अचानक बदलाव का संकेत है। वहीं, पर्यटकों के लिए यह नज़ारा आकर्षण का केंद्र बना हुआ है और बड़ी संख्या में सैलानी बर्फबारी का आनंद लेने के लिए गुलमर्ग का रुख कर रहे हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में भी मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है और कुछ इलाकों में हल्की बारिश व बर्फबारी की संभावना जताई गई है। प्रशासन ने लोगों और पर्यटकों को सतर्क रहने और मौसम के अनुसार यात्रा करने की सलाह दी है।








